7 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चमकी धूप ने माघ में चैत्र का अहसास कराया

  - अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री हुआ  

less than 1 minute read
Google source verification
चमकी धूप ने माघ में चैत्र का अहसास कराया

चमकी धूप ने माघ में चैत्र का अहसास कराया

स्वर्णनगरी में मौसम के मिजाज में एकदम से आई तब्दीली के चलते शुक्रवार को दोपहर के समय सूरज इतनी प्रखरता से चमका कि माघ मास में ही चैत्र जैसा अनुभव होने लगा। वहीं रात के समय की ठंडक भी तडक़े के आसपास ही रंग दिखा रही है। अब लोगों को जो कुछ दिन पहले सर्दी के सितम के कारण परेशान नजर आ रहे थे, इतनी जल्दी गर्मी की आमद के संकेत देखकर हैरान हो रहे हैं। हालांकि मौसम विज्ञानियों की मानें तो शनिवार से या उसके ठीक बाद से मौसम के मिजाज में बदलाव की एक और बयार आने वाली है। तब बारिश की भी संभावना जताई जा रही है। इधर शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से पहले ही धूप पर्याप्त रूप से तीखी हो चुकी थी और जैसे-जैसे दिन चढ़ा, सूर्यदेव की भंगिमा और टेढ़ी हो गई। 2 से 3 बजे के आसपास तो खुली धूप में खड़ा रहना मुहाल हो गया। स्कूलों से छुट्टी के समय अधिकांश बच्चों ने पहने हुए स्वेटर या तो उतार कर हाथों में ले लिए थे अथवा उनकी जिप खोल कर थोड़ा हल्का हो गए। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 28.6 डि. सै. और न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पूर्व दिवस यानी गुरुवार को यह क्रमश: 27.5 और 12.4 था। इस तरह से एक दिन में अधिकतम तापमान में 1.1 और न्यूनतम में 1.6 डिग्री का इजाफा हो गया है। विगत कुछ दिनों के दौरान सर्दी का असर केवल रात और सुबह 9 बजे तक ही अनुभव हो रहा है। उसके बाद दिन में दुकानों व अन्य प्रतिष्ठानों में पंखें चलते हुए दिखाई दे रहे हैं।