6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

किसानों की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

नाचना बंद रहा सफल-

2 min read
Google source verification
किसानों की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

किसानों की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन


नाचना. भारतीय किसान संघ के आह्वान पर शुक्रवार को नाचना बंद सफल रहा। किसानों की मांगों के समर्थन में व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान नहीं खोले तथा किसानों के साथ रैली निकालकर विरोध जताया। किसान संघ के आह्वान पर व्यापारियों ने शुक्रवार को सुबह से ही अपने प्रतिष्ठान नहीं खोले। 10 बजे बड़ी संख्या में किसान व ग्रामीण फोर्ट चौक में एकत्रित हुए। यहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों व किसानों की ओर से रैली निकाली गई, जो मुख्य बाजार, भोमियाजी चौक, अस्पताल रोड होते हुए उपनिवेशन तहसील कार्यालय पहुंची। इस दौरान किसानों व ग्रामीणों ने किसान एकता जिंदाबाद के नारे लगाए। उपनिवेशन तहसील कार्यालय में कोई नहीं मिलने पर किसानों ने रोष जताया तथा नारेबाजी करते हुए पुलिस वृताधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां किसान संघ के अध्यक्ष खुशाल सोनी, प्रदेश मंत्री ओमसिंह अवाय, व्यापार मंडल के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद टावरी के नेतृत्व में किसानों व ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन पुलिस वृताधिकारी हुकमाराम विश्रोई को सुपुर्द कर समस्याओं के निराकरण की मांग की।
ये रखी मांगे
किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम दिए ज्ञापन में नहरों में सिंचाई का पानी प्राथमिकता के साथ दिलाने, बीमा कंपनी की ओर से फसलों के खराबे के अनुसार मुआवजा दिलाने, बीमा क्लेम एकमुश्त दिलवाने, सोलर पंप सेट योजना में संख्या बढ़ाने, डिग्गी के निर्माण का अनुदान दिलाने, प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना की राशि किसानों को दिलाने, नए आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने, वर्ष 2019 का रबी फसल का बीमा क्लेम सभी किसानों को दिलाने, बारिश के अभाव में नष्ट हुई किसानों की खरीफ फसल की विशेष गिरदावरी करवाकर मुआवजा दिलाने, अकाल घोषित करने, पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था करने, बीते वर्ष आंधी तूफान के कारण नष्ट हुई रबी की फसल का मुआवजा दिलाने की मांग की।
बैंक प्रबंधक को दिया ज्ञापन
वृताधिकारी कार्यालय से किसान व ग्रामीण रैली के साथ एसबीआई शाखा पहुंचे। यहां शाखा प्रबंधक को एक ज्ञापन देकर केसीसी का समय पर नवीनीकरण करने के बावजूद सात की बजाय 14 प्रतिशत ब्याज वसूलने पर रोष जताया। उन्होंने ब्याज वसूली को सुधारने की मांग की। इसके बाद रैली जैसलमेर सैंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक पहुंची। यहां शाखा प्रबंधक को ज्ञापन देकर व्यवस्थापकों की ओर से ऋण देने के दौरान अवैध वसूली व किसानों को कम ऋण राशि देने का आरोप लगाया। साथ ही गबन की गई राशि को वापिस दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि किसानों की मांगे पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।