
म्हारे हिवड़े रो हार टूटो राज.... सोनार दुर्ग से बही लोक संस्कृति की सरिता
जैसलमेर. स्वर्णनगरी में जिला प्रशासन के सौजन्य से पर्यटक स्वागत केन्द्र के तत्वाधान में बुधवार को राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में सोनार दुर्ग स्थित अखे प्रोल प्रांगण में जिला कलक्टर प्रतिभासिंह के मुख्य आतिथ्य में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। जिले के ख्यातनाम लोक कलाकारों के माध्यम से राजस्थान दिवस कार्यक्रमों से ओतप्रोत लोकसंगीत, लोकनृत्य एवं लोकवाद्यों के माध्यम से मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान नगरपरिषद जैसलमेर के सभापति हरिवल्लभ कल्ला, पुलिस अधीक्षक भंवरसिंह नाथावत, पूर्व जिला प्रमुख अंजना मेघवाल, उप अधीक्षक पुलिस प्रियंका कुमावत तथा समाजसेवी कुशलसिंह भाटी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारम्भ में बक्शे खां एंड पार्टी की ओर से राजस्थान दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज भगवान गणेश के लोक भजन प्रस्तुति के साथ किया गया। जिला कलक्टर प्रतिभासिंह ने सभी जिला वासियों को इस मौके पर जिला प्रशासन की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी एवं कहा कि कार्यक्रम के आयोजन के लिए पर्यटक स्वागत केन्द्र एवं उनकी टीम को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बदौलत यहां के ख्यातिनाम लोक कलाकारों एवं लोक संस्कृति को और अधिक बढ़ावा मिलता है। सांस्कृतिक संध्या के अवसर पर जैसलमेर नगर के जाने-माने लोक कलाकार हसन जैसलमेरी तथा खुहड़ी-जानरा के खाने खां एंड पार्टी कलाकारो की ओर से सोने री धरती जठे चांदी रो आसमान.. म्हारो पिया गया परदेश तथा म्हारो प्यारो मरुधर जैसलमेर इण रा मैं काई करो बखाण लोक गीतों की बेहतरीन प्रस्तुतियां पेश की। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जैसलमेर की बिजली के नाम से मशहूर अनु सोलंकी एवं रामगढ़ के उदाराम एण्ड पार्टी की ओर से बेहद शानदार तराजू नृत्य एवं भवाई एवं घुटना चकरी लोक नृत्य रहा, जिससे दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। इसी क्रम में जानरा के प्रसिद्ध लोक कलाकार खाने खां एंड पाटी द्वारा म्हारे हिवड़े रो हार टूटो राज, छोड़ो म्हारी बहिया तथा ख्यातनाम कालबेलिया कलाकारों की ओर से काळयो कूद पडय़ा मेलां में और रूपीड़ो तो ले में सोनीड़े रे गई थी... की प्रस्तुतियां दी। इसी प्रकार से बक्शे खां एंड पार्टी द्वारा कद आवो नी रसीला म्हारे देशए जोवो थारी बाट घणी.. लोक गीत प्रस्तुति के साथ ही अन्य लोक कलाकारों ने लोक वाद्ययंत्रों मोरचंग, खड़ताल वादन, हामोनियम, ढोलक वादन के माध्यम से जुगलबंदी कार्यक्रम का प्रस्तुतीकरण किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के मौके पर देश विदेश में अपने लोक संगीत की धूम मचा चुके लोक कलाकार मूलसागर निवासी तगाराम भील एंड पार्टी की ओर से बेहतरीन ढंग से अलगोजा वादन की लोक संगीत की सुमधुर स्वर लहरियां बिखेरी। इस अवसर पर छुगे खां एंड पाटी द्वारा राजस्थानी लोक संगीत कार्यक्रमों के साथ ही ... तेरी झलक असरफी राजस्थानी लोसंगीत की गायन शैली में इन्होंने अनूठी सांस्कृतिक प्रस्तुती देकर लोगों का खूब मन मोह लिया।
किया प्रोत्साहित
कलाकारों का हौसला बढ़ाने के लिए पूर्व जिला प्रमुख अंजना मेघवाल ने 500-500 रुपए की प्रोत्साहन राशि वितरित की। जिला कलक्टर डॉ. प्रतिभासिंह ने कलाकारों को 1100-1100 रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में प्रदान किए। इस दौरान नगर परिषद के आयुक्त शशिकांत शर्मा, महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक अशोक गोयल, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक सुभाष विश्नोई, जैसलमेर विकास समिति के सचिव चन्द्रप्रकाश व्यास, वार्ड पार्षद निर्मल रैयाणी, समाजसेवी जितेन्द्रसिंह सिसोदिया के साथ ही शहर के कई गणमान्य नागरिकों के साथ ही कई देशी-विदेशी सैलानी उपस्थित थे। संचालन प्रीति भाटिया ने किया। सहायक पर्यटन अधिकारी खेमेन्द्रसिंह जाम ने सभी आगंतुक अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
Published on:
31 Mar 2022 08:02 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
