
मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के प्रथम किश्त के हस्तातंरण के लिए टोंक जिले में आयोजित हुए राज्य स्तरीय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के 65 लाख से अधिक लाभार्थी किसानों के खातों में प्रथम किश्त 1000-1000 रुपए के हिसाब से 650 करोड़ रुपये से अधिक राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खातों में हस्तातंरित की। मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में जैसलमेर के 64 हजार से अधिक किसानों के खातों में एक-एक हजार रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित हुई। मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय समारोह के दौरान 20 हजार फार्म पोण्ड निर्माण के लिये कम्प्यूट्रीकृत पद्धति से किसानों का चयन किया। उन्होंने इस दौरान 51 नवगठित महिला ग्राम सेवा सहकारी समितियों को हिस्सा राशि के रूप में 3.3 लाख रुपए प्रति सोसायटी स्वीकृत किए। इसके साथ ही उन्होंने 51 कस्टम हायरिंग सेंटरों के शुभारम्भ के लिए 147 लाख रुपए की राशि हस्तांतरण किया। उन्होंने प्रदेश के किसानों को 350 करोड़ रुपए ब्याजमुक्त अल्पकालीन फसली ऋण का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने समारोह में वर्चुअली लाभार्थी किसानों से संवाद किया।
मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का जिला स्तरीय समारोह उत्कर्ष जैन भवन जैसलमेर में आयोजित हुआ। समारोह में जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, जिला प्रमुख प्रताप सिंह सौलंकी, नगरपरिषद सभापति हरिवल्लभ कल्ला, जिला कलक्टर प्रताप सिंह, अतिरिक्त कलक्टर मुन्नीराम बागडिय़ा, सीईओ भागीरथ विश्नोई सहित अन्य लोग उपस्थित थे। इस दौरान वीडियो कॉन्फें्रसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय समारोह को जिला, ब्लाक एवं ग्राम पंचायत मुख्यालय पर वेबकास्टिंग के माध्यम से जोड़ा गया जिसे किसानों ने उत्साह के साथ देखा। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी किसान परिवारों को प्रतिवर्ष देय राशि 6 हजार के अतिरिक्त राज्य सरकार की ओर से मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 2 हजार रुपए प्रतिवर्ष देने की बजट घोषणा की गई थी।
Published on:
30 Jun 2024 10:03 pm
