6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुल्क की तरक्की के लिए आपसी प्रेम व सद्भाव जरूरी : सीओ

ईद स्नेह मिलन समारोह का हुआ आयोजन

2 min read
Google source verification
मुल्क की तरक्की के लिए आपसी प्रेम व सद्भाव जरूरी : सीओ

मुल्क की तरक्की के लिए आपसी प्रेम व सद्भाव जरूरी : सीओ

पोकरण. ईद-उल-फित्तर के पर्व पर कस्बे के जैसलमेर रोड पर स्थित मदरसा इस्लामिया दारूल उलूम के सभागार में सीमा सुरक्षा बल 87वीं बटालियन के समादेष्टा रणवीरसिंह के मुख्य आतिथ्य, मोहतमीम कारी मोहम्मद अमीन की अध्यक्षता, उपखंड अधिकारी राजेशकुमार विश्रोई, बीएसएफ के उपसमादेष्टा अविनाशकुमार, वीरेन्द्रकुमार, आरके मीणा, पुलिस उपाधीक्षक मोटाराम चौधरी, थानाधिकारी चुन्नीलाल विश्रोई के विशिष्ट आतिथ्य में स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर संबोधित करते हुए समादेष्टा रणवीरसिंह ने सभी को ईद की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईद का त्यौहार आपसी भाईचारे व सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह परमाणु नगरी से देश की शक्ति का संदेश निकला, उसी तरह मदरसा इस्लामिया से भी प्यार, मोहब्बत, आपसी सद्भाव, भाईचारे का संदेश निकले, जिससे राष्ट्र मजबूत हो। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा धर्म इंसानियत का धर्म है। उसी धर्म को सर्वोपरि मानते हुए एक दूसरे से प्रेम व मदद करेंगे तो ही राष्ट्र मजबूत होगा। उन्होंने सीमा सुरक्षा बल की ओर से विश्वास दिलाया कि देश की आन, बान, शान एवं सीमाओं को किसी भी तरह का खतरा नहीं आने दिया जाएगा। उपखंड अधिकारी राजेशकुमार विश्रोई ने कहा कि यह देश सभी धर्म व वर्गों का देश है। उन्होंने कहा कि किसी भी मुल्क, समाज व कौम की तरक्की के लिए लोगों में आपसी प्रेम व सद्भाव जरूरी है। इस मौके पर समाजसेवी आरके मेहर, सुरेश नागौरा, मनोहर जोशी व अखिलेश दवे ने ईद की मुबारकबाद देते हुए सभी को प्रेम, मोहब्बत व आपसी सद्भाव के साथ मिल-जुलकर रहने की बात कही। इससे पूर्व स्नेह मिलन समारोह में आए सभी मेहमानों का मदरसे की ओर से साफा, मालाएं पहनाकर व शॉल ओढ़ाकर स्वागत व सम्मान किया गया। समारोह में हाफिज उभेदुल्ला थाट, मुंशी फतेह मोहम्मद, हाजी यारूखां, मौलवी हसन गोमट, हाजी रशीद मोहम्मद, हाजी अब्दुल रहमान, हाजी मोहम्मद सदीक थाट सहित बीएसएफ के अधिकारी एवं जवान तथा बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की व मुस्लिम भाईयों को ईद की शुभकामनाएं दी। समारोह का संचालन मौलवी मोहम्मद इस्माईल ने किया। मदरसे के सदर-ए-मुदर्रिश अब्दुल हई ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मुल्क की तरक्की, शांति, सद्भाव, भाईचारे के लिए दुआ की।