
Video Crime: ऑयल चोरी का आरोपी गिरफ्तार
लाठी. पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गत माह क्षेत्र के लोहटा गांव में स्थित डिस्कॉम के जीएसएस में लगे पॉवर ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी करने की वारदात का खुलासा कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गत 20 अक्टूबर को लाठी डिस्कॉम के इंजीनियर सुपरवाइजर व कनिष्ठ अभियंता रामचंद्र देवपाल ने रिपोर्ट पेश की थी कि 18 अक्टूबर की रात लोहटा डिस्कॉम के 33/11 केवी जीएसएस पर लगे पॉवर ट्रांसफार्मर में अज्ञात चोरों ने तोडफ़ोड़ कर 1650 लीटर ऑयल चोरी कर लिया। जिस पर पुलिस में मामला दर्ज किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक भंवरसिंह नाथावत के निर्देशानुसार लाठी थानाधिकारी अशोककुमार विश्रोई के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक नवलसिंह भाटी, कांस्टेबल शंभूसिंह, पपुराम, रामनारायण विश्रोई, श्यामसिंह, साइबर सैल के प्रभारी भीमरावसिंह, हजारसिंह की टीम का गठन किया गया। टीम ने मामले के आरोपी जोधपुर जिले के राजपूतों की ढाणी पीलवा निवासी भोमसिंह पुत्र भंवरसिंह को दस्तयाब कर पूछताछ की तो उसने वारदात करना स्वीकार किया। जिस पर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जहां उसे गहन पूछताछ के लिए पुलिस अभिरक्षा में रखने के आदेश दिए गए।
खिलाडिय़ों का किया सम्मान
पोकरण. केन्द्रीय विद्यालय संगठन की ओर से आयोजित राष्ट्रीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों का बुधवार को केन्द्रीय विद्यालय सीमा सुरक्षा बल पहुंचने पर स्वागत व सम्मान किया गया। प्राचार्य गजेन्द्र जोशी ने बताया कि छात्र पृथ्वीपालसिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर 5000 मीटर वॉक में स्वर्ण पदक हासिल किया। छात्र नासिर ने हाई जंप में रजत पदक एवं 4 गुणा 400 रिले रेस में कांस्य पदक जीता। ये दोनों खिलाड़ी स्कूल गैम्स फैडरेशन ऑफ इंडिया की प्रतिस्पद्र्धाओं में केन्द्रीय विद्यालय संगठन की ओर से प्रतिनिधित्व करेंगे। इसी प्रकार छात्र कुलदीपसिंह ने 600 मीटर रेस, रावलसिंह ने योग व कविता ने हैंडबॉल में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इससे पूर्व संभाग स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में छात्र महिपालसिंह ने अंडर-17 वर्ग में ट्रिपल जंप में स्वर्ण पदक, लक्ष्मणसिंह ने अंडर-19 ट्रिपल जंप में स्वर्ण पदक, डूंगरसिंह ने अंडर-19 डिस्कस थ्रो में रजत पदक एवं अशोकसिंह ने अंडर-19 में 3000 मीटर रेस में कांस्य पदक जीता। प्राचार्य जोशी ने सभी खिलाडिय़ों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया।
Published on:
09 Nov 2022 07:43 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
