5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Video: पहले दिन रही श्रद्धालुओं की चहल पहल, सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर किए दर्शन

मंगला आरती के साथ खुले बाबा के द्वार

2 min read
Google source verification
पहले दिन रही श्रद्धालुओं की चहल पहल, सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर किए दर्शन

पहले दिन रही श्रद्धालुओं की चहल पहल, सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर किए दर्शन

रामदेवरा. पश्चिमी राजस्थान के सबसे बड़े आस्था स्थल के रूप में माने जाने वाले लोकदेवता बाबा रामदेव के समाधि स्थल सोमवार को अलसुबह चार बजे मंगला आरती के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। पहले दिन यहां आए श्रद्धालुओं ने सरकार की गाइडलाइन की पालना करते हुए बाबा की समाधि के दर्शन किए। गौरतलब है कि बाबा रामदेव का समाधि स्थल कोरोना संक्रमण की महामारी के कारण गत छह माह से बंद पड़ा था। प्रशासन के निर्देशों व स्वीकृति के बाद सोमवार को सुबह बाबा रामदेव वंशज गादीपति राव भोमसिंह तंवर, थानाधिकारी दलपतसिंह चौधरी ने बाबा की समाधि पर पंचामृत से अभिषेक किया तथा मंगला आरती के बाद मंदिर को खोल दिया। अलसुबह चार बजे बाबा रामदेव के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं ने मंदिर में प्रवेश किया तथा समाधि के दर्शन किए। दर्शनों के बाद दो नंबर गेट से श्रद्धालुओं को बाहर निकाला गया।
प्रसाद पर मनाही
सरकार की ओर से जारी की गई गाइडलाइन के अनुसार समाधि समिति की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई है। समाधि के दर्शनों के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद, फूल मालाओं व अन्य पूजन सामग्री के साथ प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सोमवार को पहले दिन यदि कोई श्रद्धालु प्रसाद लेकर पहुंचा, तो समिति के कर्मचारियों ने प्रसाद को बाहर रखवा दिया और हाथों को सैनेटाइज कर थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही समाधि स्थल में प्रवेश दिया गया।
नहीं दिखी भीड़, कमेटी ने लिया जायजा
लम्बे समय से देशभर में श्रद्धालु बाबा रामदेव की समाधि स्थल खुलने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन सोमवार को समाधि स्थल खुलने के बाद यहां विशेष भीड़ नजर नहीं आई। यहां आए श्रद्धालुओं ने सुगमता से दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इसी प्रकार सरकार के नियमों की जांच के लिए जिला प्रशासन की ओर से गठित की गई कमेटी ने यहां पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ब्लॉक मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.लोंग मोहम्मद राजड़, तहसीलदार बंटी राजपूत ने यहां आकर समाधि स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की जांच की।
भादरिया मंदिर भी दर्शनों के लिए हुआ शुरू
लाठी. क्षेत्र के भादरिया गांव में स्थित भादरियाराय माता मंदिर को भी छह माह बाद सोमवार को शुरू किया गया। गत छह माह से कोरोना संक्रमण की महामारी के कारण मंदिर बंद था। सोमवार को सुबह पुजारी नंदकिशोर शर्मा व विनोद शर्मा की ओर से पूजा-अर्चना व आरती के बाद मंदिर केा खोला गया। कोविड-19 की पालना के लिए यहां पुख्ता प्रबंध किए गए है। जगदम्बा सेवा समिति की ओर से यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए थर्मल स्क्रीनिंग, सैनेटाइजर आदि की व्यवस्था की गई है तथा श्रद्धालुओं को सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करवाई जा रही है। मंदिर में प्रसाद व फूल मालाएं ले जाने पर रोक है। समिति के व्यवस्थापक जुगलकिशोर आसेरा ने यहां व्यवस्थाओं का जायजा लेकर कार्मिकों को नियमों की पालना करवाने के निर्देश दिए। सोमवार को यहां आए श्रद्धालुओं ने नियमों की पालना के साथ मंदिर में दर्शन किए।