
palace on whels in jaisalmer
जैसलमेर. शाही अंदाज में आधुनिक सुख-सुविधाओं से युक्त पैलेस ऑन व्हील्स जब रविवार को पहले फेरे के दौरान जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो यहां पहुंचे सैलानी लोक कलाकारों के वाद्य यंत्रों की धुनों पर थिरक उठे। मरूधरा की संस्कृति में रंगे पर्यटकों को देखकर हर कोई दंग रह गया। रेलवे स्टेशन पर शाही रेल में आए सभी 36 पर्यटकों का परंपरागत रूप से स्वागत किया गया। पांच सितारा होटलों जैसी सुविधाओं से परिपूर्ण शाही रेल ‘पैलेस ऑन व्हील्स’ दिल्ली से गत बुधवार को रवाना हुई थी।
यहां आकर यात्रियों ने ऐतिहासिक गड़ीसर तालाब, सोनार दुर्ग, कलात्मक हवेलियां व सम के मखमली धोरों के भ्रमण का लुत्फ उठाया। गौरतलब है कि भारतीय रेल और राजस्थान पर्यटन विकास निगम की ओर से संयुक्त रूप से विश्व प्रसिद्घ ‘पैलेस ऑन व्हील्स’ शाही रेल का संचालन किया जा रहा है। एक सप्ताह के अविस्मरणीय सफर के लिए रवाना होकर जयपुर, सवाईमाधोपुर, चित्तौडग़ढ़, उदयपुर होते हुए जैसलमेर पहुंचने के बाद यह शाही रेल यहां से जोधपुर, भरतपुर और आगरा होते हुए वापिस दिल्ली जाएगी।
गौरतलब है कि विश्व प्रसिद्ध शाही ट्रेनों में सुमार ‘पैलेस ऑन व्हील्स’ में सैलानियों के लिए ट्रेन में सफर करने पर राजसी जीवन शैली के अनुरूप आधुनिक सुख-सुविधाओं से परिपूर्ण व्यवस्था रखी गई है। इस बार शाही रेल में 4जी वाई फाई सुविधा के साथ नए कारपेट व नई साज सज्जा की व्यवस्था की गई है।
शाही रेल के प्रबंधक प्रदीप बोहरा ने बताया कि इस बार शुरूआत में बुकिंग अच्छी है। उम्मीद है कि लक्ष्य का 75 प्रतिशत प्राप्त कर लिया जाएगा, जो कि गत वर्ष की तुलना में 20 से 25 प्रतिशत अधिक होगा। गोरमेंट एपू्रव्ड गाइड एसोसिएशन के प्रतिनिधि गजेन्द्र शर्मा के अनुसार जैसलमेर पहुंचने वाले पर्यटकों में भारत के अलावा अमेरिका, इंग्लैण्ड, सऊदी अरब, मलेशिया व न्यूजीलैण्ड के पर्यटक भी शामिल थे।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
