
जैसलमेर. बारिश में जमा पानी से जन जीवन हुआ प्रभावित। पत्रिका
जैसलमेर. पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे जैसलमेर के बाशिंदों को शुक्रवार शाम आखिरकार राहत मिल गई। शाम के समय अचानक मौसम ने करवट ली और देखते ही देखते आसमान पर घने बादल छा गए। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने कुछ ही देर में शहर की सडक़ों को तर-बतर कर दिया। जगह-जगह पानी भर गया। मूसलाधार बारिश के बाद भी रह-रहकर बूंदाबांदी से मौसम परिवर्तित हो गया और तापमान में आई गिरावट से लोगों ने राहत की सांस ली। लगभग 30 मिनट में ही 33.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
वहीं जिला मुख्यालय के आसपास के 20-22 किलोमीटर की परिधि में लगभग सभी गांवों में मध्यम से तेज बारिश से किसानों व पशुपालकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई खेतों में पूरी तरह से पानी भर गया। जैसलमेर के हनुमान चौराहा में एक बड़ा पेड़ गिर गया। दूसरी तरफ गड़ीसर सर्किल से लेकर निचले इलाकों में सडक़ें पानी में डूब गई। नहरी क्षेत्र मोहनगढ़ व आसपास के गांवों में बादल झूम कर बरसे और जनजीवन में भी बहार आ गई।
इससे पहले शुक्रवार को दिनभर तेज धूप और उमस के कारण लोग बेहाल रहे। बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल रही और लोग घरों व कार्यालयों में ही रहने को मजबूर दिखे। शाम होते-होते मौसम का रुख बदला और बादलों की गडगड़़ाहट के बीच तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश का दौर कुछ समय तक जारी रहा, जिससे शहर के कई हिस्सों में सडक़ों पर पानी बहने लगा और लंबे समय बाद लोगों ने सुहाने मौसम का आनंद लिया। खेतों में बारिश का पानी पहुंचने से किसानों के चेहरे खिल उठे। खरीफ फसलों की बुवाई कर चुके या अब तक इंतजार कर रहे किसानों को इस बारिश से नई उम्मीद मिली है। किसान अब कृषि कार्य तेज करने की तैयारी में जुट गए हैं।
बारिश के दौरान कई स्थानों पर बच्चे और युवा भीगते नजर आए, वहीं लोगों ने घरों की छतों और बालकनियों से बारिश का आनंद लिया। मौसम सुहावना होने के साथ ही चाट-पकोड़ी की दुकानों पर भी भीड़ उमड़ पड़ी। मौसम में आए इस बदलाव से न केवल आमजन को गर्मी से राहत मिली है, बल्कि वातावरण भी साफ और ताजा हो गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में मानसून की सक्रियता बनी रहती है तो जिले में अच्छी वर्षा होने की संभावना है, जिससे जलस्रोतों में पानी की आवक बढ़ेगी और कृषि गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
Updated on:
31 Jul 2026 08:52 pm
Published on:
31 Jul 2026 08:52 pm
