
उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने शुक्रवार को जैसलमेर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान लगभग 140 करोड़ रुपए की लागत से मेगा री-डेवलपमेंट योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किए जा रहे स्टेशन के विभिन्न कार्यों का अवलोकन किया, वहीं यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और समग्र प्रबंधन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इस दौरान स्टेशन परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे क्षेत्र में हो रही निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया गया। अमानती सामान घर का अवलोकन किया गया तथा ‘वन स्टेशन वन प्रोडक्ट’ योजना के तहत स्थापित स्टॉल पर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने की पहल को सराहा गया।
गौरतलबहै कि करीब 140 करोड़ रुपए की लागत से विकसित हो रहा स्टेशन एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। पर्यटन और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस स्टेशन के विकास में यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता को प्राथमिकता दी गई है। भवन निर्माण में स्थानीय स्थापत्य शैली और पीले बलुआ पत्थर की आकर्षक नक्काशी के माध्यम से क्षेत्रीय संस्कृति की झलक भी शामिल की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर 10 लिफ्ट और 10 एस्केलेटर लगाए गए हैं। प्लेटफार्मों के बीच आवागमन के लिए छह मीटर चौड़ाई वाले दो नए फुट ओवरब्रिज बनाए गए हैं। तीनों प्लेटफार्मों पर 10 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में प्लेटफार्म शेल्टर विकसित किए गए हैं। इसके साथ ही विशाल सर्कुलेटिंग एरिया और एयर कॉनकोर्स का भी निर्माण किया गया है। निरीक्षण के दौरान नवनिर्मित स्टेशन भवन, एयर कॉनकोर्स, पिट लाइन, सिक लाइन और वाशिंग लाइन सहित अन्य परियोजनाओं की प्रगति का अवलोकन हुआ। संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर मनोहर सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अमित स्वामी, मुख्य परियोजना प्रबंधक सुनील कुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर नितेश और वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सुपरवाइजर और बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी मौजूद थे।
Published on:
06 Mar 2026 08:58 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
