
photo patrika
केन्द्र व राज्य सरकार की महत्वकांक्षी और हर घर तक पानी पहुंचाने की जल जीवन मिशन योजना ग्रामीण क्षेत्रों में अभी तक कारगार सिद्ध नहीं हो रही है। सांकड़ा क्षेत्र के विशनगढ़ गांव में 2 वर्ष पूर्व जल जीवन मिशन योजना के तहत पाइपलाइन लगाने और घरों तक नल कनेक्शन देने का कार्य पूर्ण हो गया है, लेकिन एक बार भी जलापूर्ति नहीं की गई है। समाजसेवी व भाजपा नेता भूरसिंह सांकड़ा ने बताया कि विशनगढ़ में एक हजार से अधिक की आबादी निवास करती है।
यहां पेयजल सुविधा के नाम पर केवल एक-दो हेण्डपंप ही है। जीएलआर या पाइपलाइन की सुविधा नहीं होने के कारण भीषण गर्मी के मौसम में आमजन का बेहाल हो रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की पेजयल समस्या के समाधान के लिए 2 वर्ष पूर्व जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत सांकड़ा से पाइपलाइन बिछाई गई। साथ ही विशनगढ़ के हर घर तक नल कनेक्शन दे दिया गया, लेकिन 2 वर्ष बाद भी जलापूर्ति शुरू नहीं की गई है। जिसके कारण ग्रामीणों को आज भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के मौसम में पेयजल की कोई सुविधा नहीं है। साथ ही गर्मी के मौसम में ट्रैक्टर टंकियों की दरें भी बढ़ गई है। जिसके कारण महंगे दामों में पानी खरीदना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को अवगत भी करवाया गया, लेकिन जलापूर्ति शुरू नहीं की जा रही है। जिसके कारण आमजन को परेशानी हो रही है।
पोकरण क्षेत्र में भीषण गर्मी के मौसम में पेयजल संकट को लेकर प्रतिनिधि मंडल ने जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता से मुलाकात की। दलित अधिकार अभियान कमेटी के अध्यक्ष सुरेश नागौरा, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष शेराराम पूनड़, कमेटी के सचिव गणपतराम गर्ग ने जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता रामनिवास रैगर से मुलाकात की। उन्होंने कस्बे सहित आसपास ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट की स्थिति से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि अनियमित व अपर्याप्त जलापूर्ति के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। भीषण गर्मी के मौसम में लोगों को पेयजल की व्यवस्था करने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु करने, नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने, ग्रामीण क्षेत्रों में टैंकर व्यवस्था को सुधारने व आमजन को राहत दिलाने की मांग की है। जिस पर अधिशासी अभियंता रैगर ने समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया।
Updated on:
22 May 2026 07:55 pm
Published on:
22 May 2026 07:55 pm
