
पोकरण. सड़क पर खड़े वाहन और लगा जाम। पत्रिका
पोकरण शहर की सड़कों पर बढ़ते वाहनों का दबाव अब केवल यातायात समस्या नहीं रहा, बल्कि यह शहरी प्रबंधन की चुनौती बनता जा रहा है। पोकरण में जयनारायण व्यास सर्किल से अस्पताल रोड होते हुए जोधपुर रोड के फलसूंड तिराहे तक का मार्ग इन दिनों ‘सड़क या पार्किंग’ जैसी स्थिति में दिखाई दे रहा है। सड़क किनारे अनियंत्रित वाहन खड़े होने से यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है और जाम अब अपवाद नहीं, बल्कि दिनचर्या बनता जा रहा है।
इस मार्ग की खास बात यह है कि यहां बाजार, होटल, मॉल, चाय की थड़ियां, सब्जी विक्रेता और केंद्रीय बस स्टैंड एक ही हिस्से में स्थित हैं। ऐसे में पूरे क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही सामान्य दिनों में भी अधिक रहती है। इसके बावजूद पार्किंग अनुशासन की कमी और सीमित निगरानी समस्या को और गंभीर बना रही है। यातायात प्रबंधन से जुड़े जानकारों का मानना है कि केवल चालान या वाहन जब्ती से स्थायी समाधान नहीं निकलता। बाजार क्षेत्र में माइक्रो पार्किंग प्लान, समय आधारित पार्किंग व्यवस्था, हाथ ठेलों के लिए अलग जोन और नियमित निगरानी प्रणाली जरूरी है। यदि बाजार और बस स्टैंड क्षेत्र के लिए अलग ट्रैफिक मॉडल तैयार नहीं किया गया तो आने वाले समय में यह समस्या और जटिल हो सकती है।
-सड़क किनारे अनियमित पार्किंग
-दुकानों के बाहर हाथ ठेलों का विस्तार
-केंद्रीय बस स्टैंड से लगातार बस संचालन
-सड़क के एक हिस्से पर सीवरेज कार्य
-निर्धारित लाइनिंग का पालन नहीं होना
जोधपुर रोड पर सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य जारी है। सड़क के एक हिस्से पर काम होने के कारण आवाजाही एक तरफ से संचालित की जा रही है। इसी बीच सड़क पर खड़े वाहनों ने स्थिति और बिगाड़ रहे हैं। दोनों तरफ से बसों और अन्य वाहनों के पहुंचने पर लंबा जाम लग रहा है। यह मार्ग केवल स्थानीय बाजार तक सीमित नहीं है। केंद्रीय बस स्टैंड भी इसी क्षेत्र में स्थित है, जहां से रोडवेज और ग्रामीण रूट की निजी बसों का संचालन होता है। बसों की एंट्री और निकासी के दौरान सड़क पर खड़े वाहन बाधा बनते हैं, जिससे पूरी यातायात श्रृंखला प्रभावित होती है।
दुकानदार भटाराम प्रजापत का कहना है कि सड़क पर खड़े वाहनों के कारण कई बार स्थिति नियंत्रण से बाहर हो जाती है। वाहन चालकों को निर्धारित स्थान पर वाहन खड़े करने के लिए सख्ती जरूरी है। वाहन चालक राहुल ने बताया कि कई बार जाम इतना बढ़ जाता है कि आपात स्थिति वाले वाहन भी फंस जाते हैं, जिससे गंभीर परेशानी पैदा होती है।
यातायात प्रभारी सवाईसिंह तंवर ने बताया कि सड़क पर खड़े वाहनों के खिलाफ क्रेन की मदद से कार्रवाई लगातार जारी है। व्यापक अभियान चलाकर ऐसे वाहनों को जब्त करने और सख्त कार्रवाई करने की तैयारी है।
Published on:
17 May 2026 09:19 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
