Rajasthan Weather : राजस्थान का मरुस्थलीय शहर जैसलमेर की रेत और पत्थर प्रचंड गर्मी से मानो दहक रहे हैं। दो दिन पहले अंधड़ के चलते तापमान में जो गिरावट दर्ज की गई थी, उसका मंगलवार को हिसाब साफ हो गया और पारे में करीब 3 डिग्री की एक साथ उछाल के साथ अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सै. तक पहुंच गया। इसके साथ ही रात के पारे में भी बढ़ोतरी का रुख है। यह इस सीजन में अब तक का सबसे ज्यादा 33.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। जिसका मतलब है कि दिन में झुलसाने वाली गर्मी रात में भी अब लोगों को चैन लेने नहीं दे रही है। एक दिन पहले अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 42.3 व 31.8 डिग्री रहा था।