जैसलमेर. यहां आस्था का ज्वार था तो श्रद्धालुओं का हुजूम भी शिव भक्ति में भाव विभोर देखने को मिला, माहौल में शिव भक्ति से संबंधित भजन गूंज रहे थे तो उनके सुर से सुर मिलाते भक्त भी माहौल को भक्तिमय बना रहे थे। मौका था जैसलमेर जिले में श्रावण के पहले सोमवार के दिन शिव मंदिरों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों का। स्वर्णनगरी में भी सोमवार को शिव मंदिरों का नजारा आम दिनों की तुलना में अलग ही देखने को मिला। सुबह से ही शिव मंदिरों मं श्रद्धालुओं की रेलमपेल शुरू हो गई। देर शाम तक यह क्रम बना रहा। आराध्य देव भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रम हुए। महिलाओं ने सुहाग की रक्षा के लिए और कुंवारी कन्याओं ने योग्य वर की कामना से व्रत रखे। इस दौरान शिव मंदिरों को पुष्पों से सजाया गया और आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की गई। इस दिन बेर, बील पत्र व फूलों की दुकानों में भी काफी भीड़ देखने को मिली। शहर के मुक्तेश्वर महादेव मन्दिर, वरुणेश्वर महादेव, गज मन्दिर, चंद्रमोलेश्वर, रत्नेश्वर, सिद्धेश्वर, देवचंदे्रश्वर और शहर के समीप शिव मड़ी मंदिर सहित विविध मन्दिरों में बड़ी संख्या में भक्तों ने जाकर दर्शन किए। यहां शिव मंदिरों में जय-जय भोलेनाथ, जय हो भोले भण्डारी, ओम नम: शिवाय, जय ओंकारा, हर-हर महादेव के जयकारे गूंजने लगे।