
सुहागिनों ने मनाया धींगा गवर का पर्व, की आस माता की पूजा
जैसलमेर/पोकरण. सुहागिन औरतों की ओर से मनाया जाने वाला धींगा गवर पर्व सोमवार को कस्बे में महिलाओं ने हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस मौके पर महिलाओं ने परंपराओं के अनुसार पुत्र प्राप्ति व पति की दीर्घायु होने की कामना, परिवार में खुशी, अमन चैन व सुख समृद्धि के लिए गवर-ईसर की पूजा-अर्चना की व दिनभर व्रत रखकर धींगा गवर की कथा के बाद प्रसाद ग्रहण किया। कस्बे के मंगलपुरा में प्रभुप्रिया आवास में सुहागिनों ने एक समूह में बैठकर धींगा माता की पूजा-अर्चना की व छप्पन भोग के साथ प्रत्येक सुहागिन की ओर से एक-एक रोटे का प्रसाद चढ़ाकर उसका भोग लगाया। पौराणिक मान्यताओं व आस्थाओं के अनुसार चैत्र शुक्ला तृतीया के दिन हर घर में धींगा गवर की स्थापना कर ज्वारे बोए जाते है तथा वैशाख कृष्णा तृतीया को इसका उत्थापन कर पूजा-अर्चना की जाती है। सोमवार को धींगा गवर की 15 दिन की पूजा के बाद 16वें दिन प्रेमलता, तारा, मीना, कांता, शकुंतला, मधुबाला, भगवती, पूजा, अरुणा, विजयलक्ष्मी, जयश्री, कंचन, कोमल, मीनाक्षी ने रोटे चढ़ाकर पूजा की और उत्थापन किया व अमर सुहाग की कामना की।
आस माता की पूजा
वैशाख कृष्णा तृतीया के मौके पर कस्बे में महिलाओं ने आस माता का व्रत रखकर पूजा-अर्चना की। इस मौके पर महिलाओं ने जगह-जगह समूह में बैठकर आस माता की कथा का श्रवण किया व उन्होंने फल व रोटे का प्रसाद चढ़ाकर सुख, समृद्धि तथा पति के स्वास्थ्य व दीर्घायु होने के लिए कामना की। रात्रि में चंद्रमा के दर्शनों के पश्चात् अपना व्रत खोला।
Published on:
22 Apr 2019 07:13 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
