2 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

376 भूखंड वाली स्वामी विवेकानंद आवासीय योजना लॉन्च

- विधायक और कलक्टर ने किया यूआइटी की नई आवासीय योजना का आगाज- रेरा से रजिस्टर्ड कॉलोनी के लिए ऑनलाइन आवेदन कल से

2 min read
Google source verification
376 भूखंड वाली स्वामी विवेकानंद आवासीय योजना लॉन्च

376 भूखंड वाली स्वामी विवेकानंद आवासीय योजना लॉन्च


जैसलमेर. जैसलमेर में नगरपरिषद की ओर से जीडी कल्ला आवासीय योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब उसके आवंटन के इंतजार के बीच नगर विकास न्यास (यूआइटी) की तरफ से स्वर्णनगरी में स्वामी विवेकानंद के नाम से नई आवासीय योजना शनिवार को लॉन्च कर दी गई। रेरा से रजिस्टर्ड कॉलोनी के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 19 सितम्बर से शुरू कर दी जाएगी। इसमें कुल 376 भूखंडों का आवंटन किया जाना है। जानकारी के अनुसार यह आवासीय योजना यूआइटी के ट्रांसपोर्ट चौराहा क्षेत्र के पास स्थित खसरे में विकसित की जाएगी। इससे पहले यूआइटी की तरफ से रामगढ़ मार्ग स्थित अपनी जमीन पर अमर शहीद सागरमल गोपा के नाम से आवासीय योजना का आवंटन विगत वर्षों के दौरान किया जा चुका है।
विकास में मील का पत्थर
यूआइटी कार्यालय परिसर में योजना की लॉन्चिंग के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में जैसलमेर विधायक रूपाराम धनदे ने कहा कि यह योजना शहर के सुनियोजित विकास में मील का पत्थर साबित होगी। जैसलमेर के सौदर्यकरण और विकास में यूआइटी को अग्रिम पहल कर कार्य करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि यूआइटी को राज्य सरकार से हर सभंव सहयोग उपलब्ध करावाया जाएगा। इस अवसर पर जिला कलक्टर और यूआइटी की अध्यक्ष टीना डाबी ने योजना के बारे में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि यह योजना शहर में रहने वाले लोगों के आवास की आवश्यकताओं को पूरा करने में मददगार सिद्ध होगी। इस योजना में 376 आवासीय भूखंड सृजित किए जाएंगे। योजना के लिए 19 सितम्बर से ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ होंगे, जिसकी अंतिम तिथि आगामी 27 अक्टूबर है। इसके साथ ही इस योजना में पंजीयन राशि जमा कराने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर रखी गई है। अल्प आय वर्ग के लिए 155, एलआइजी के लिए 61, एमआइजी-ए के लिए 119 भूखंड और एमआइजी-बी के लिए 41 भूखंडों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि योजना में भूखंडों का आवंटन सार्वजनिक रूप से लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। इस योजना का बैंकिंग पार्टनर आईसीआईसीआई बैंक को बनाया गया है। कार्यक्रम को नगरपरिषद सभापति हरिवल्लभ कल्ला, बीसूका उपाध्यक्ष उम्मेदसिंह तंवर ने भी सम्बोधित किया। आखिर में यूआइटी की सचिव सुनीता चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान नगरपरिषद उपसभापति खींवसिंह के साथ अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।