
ओरण-गोचर संरक्षण सहित अन्य मांगों को लेकर टीम ओरण के आह्वान पर निकाली गई जनाक्रोश रैली के बाद जिला प्रशासन और सत्ताधारी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता के बाद प्रशासन की ओर से मांगों के संबंध में दिए गए प्रस्ताव को आंदोलनकारियों ने ठुकरा दिया है और कलेक्ट्रेट के सामने धरना जारी रखने की बात कही है। टीम ओरण के अगुआ सुमेरसिंह सांवता ने पत्रिका से कहा कि हमारी टीम ने प्रस्ताव का पूरा विश्लेषण कर लिया है। इससे साफ पता चलता है कि इसमें ठोस समाधान नहीं है केवल सरकार हमें राजी करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आज जितनी बड़ी रैली निकाली गई है, आने वाले समय में इससे भी कहीं अधिक संख्या में लोग अपनी मांगों को लेकर सडक़ों पर उतरेंगे। इससे पहले धरना स्थल पर आमसभा के बाद पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी, जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, महंत गोरखनाथ, जिला प्रमुख प्रतापसिंहआदि ने कलक्टर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मुलाकात की और टीम ओरण की मांगों को लेकर विचार विमर्श किया।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच वार्ता के बाद धरनास्थल पर पहुंच कर शुरुआत में पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी ने बताया कि प्रशासन के साथ मुख्यमंत्री ने भी समय निकाल कर मांगों पर विचार विमर्श किया। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष धैर्य के साथ किया जाना चाहिए। वहीं अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी ने लिखित में मानी गई मांगों के बारे में अवगत करवाया।
Updated on:
26 Sept 2025 09:15 pm
Published on:
26 Sept 2025 09:15 pm
