14 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सड़क का किनारा टूटा, हादसे का भय… हाई-वे से जुड़ा है रास्ता

पोकरण. कस्बे में जोधपुर जाने वाले मार्ग पर सड़क के किनारे क्षतिग्रस्त हो जाने एवं गड्ढ़े हो जाने के कारण हादसे की आशंका बनी हुई है।

less than 1 minute read
Google source verification

पोकरण. कस्बे में जोधपुर जाने वाले मार्ग पर सड़क के किनारे क्षतिग्रस्त हो जाने एवं गड्ढ़े हो जाने के कारण हादसे की आशंका बनी हुई है। कस्बे में जोधपुर रोड पर रिण के सामने सड़क का किनारा गत कुछ माह पूर्व तेज बारिश के दौरान बह गया। डामर सड़क के किनारे गहरा गड्ढ़ा हो गया है।

करीब 100 फीट में टूटा किनारा हर समय हादसे को न्यौता दे रहा है। कस्बे से करीब तीन किलोमीटर दूर सड़क का किनारा टूटा हुआ है और यहां घनी झाडिय़ां भी उगी हुई है। ऐसे में दूर से यह टूटा किनारा नजर नहीं आता है। इसी मार्ग पर कस्बे से सात किलोमीटर बाद राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 125 शुरू हो जाता है। जोधपुर की तरफ जाने वाले व आने वाले वाहन यहीं से गुजरते है। रामदेवरा आने वाले 80 प्रतिशत श्रद्धालु और जैसलमेर जाने वाले 90 प्रतिशत पर्यटक भी इसी मार्ग से आवाजाही करते है। ऐसे में यहां दिन-रात राहगीरों व वाहन चालकों का आवागमन रहता है, जिन्हें सड़क का किनारा टूटा होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से सड़क की मरम्मत को लेकर कोई कवायद नहीं की जा रही है।

रात में हादसे का भय

पोकरण से जोधपुर की तरफ जाने वाले मार्ग पर पर्याप्त रोशनी की भी व्यवस्था नहीं है। मार्ग पर कई विभागों के कार्यालय स्थित है और दोनों तरफ घनी आबादी भी निवास करती है। बड़ी संख्या में होटलें, रेस्टोरेंट व ढाबे भी स्थित है। ऐसे में रात में भी इस मार्ग पर आवागमन रहता है। रात में यहां पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में यहां किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।