
पोकरण कस्बे सहित आसपास क्षेत्र में शुक्रवार की रात तेज आंधी के साथ बारिश का दौर चला। हालांकि अभी तक मानसून आया नहीं है, लेकिन मानसून से पूर्व हुई पहली बारिश ने ही बिजली व्यवस्था की पोल खोल दी। डिस्कॉम पोकरण सहायक अभियंता क्षेत्र में शुक्रवार की रात तेज आंधी के कारण करीब 100 विद्युत पोल टूटकर धराशायी हो गए। जिसके कारण विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से लडख़ड़ा गई। गत दो दिनों से क्षेत्र में मौसम में बदलाव नजर आ रहा है। शुक्रवार को तड़के तेज आंधी के बाद हल्की बारिश हुई। इसके बाद शुक्रवार की देर रात फिर तेज आंधी का दौर चला। रात में चली आंधी की गति व दबाव भी अधिक था। तेज आंधी के कारण क्षेत्र में कई जगहों पर विद्युत पोल, पेड़, पौधे, छप्पर, टिनशेड आदि टूटकर धराशायी हो गए। सबसे अधिक नुकसान डिस्कॉम को हुआ है। पोकरण क्षेत्र में करीब 100 विद्युत पोल टूट और तारें टूट गई। जिससे डिस्कॉम को करीब चार लाख रुपए का नुकसान हुआ है। कस्बे में भी कई जगहों पर विद्युत तारें टूट गई। कस्बे में शुक्रवार की रात आंधी के साथ विद्युत आपूर्ति बंद हो गई और इसके बाद पूरी रात विद्युत की आवाजाही व आंखमिचौनी चलती रही। जिसके कारण आमजन को परेशानी हुई। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में भी विद्युत पोल टूट जाने के कारण कई गांवों व ढाणियों में विद्युत आपूर्ति बंद हो गई, जिसे शनिवार को दोपहर तक ठीक किया गया। क्षेत्र के डिडाणिया गांव में शनिवार की शाम तक विद्युत आपूर्ति सुचारु हो पाई। पहली आंधी व बारिश से बिगड़ी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के कारण आमजन को परेशानी हुई। जबकि अभी तक आंधियों का सीजन व मानसून की बारिश का दौर अब शुरू होगा।
Updated on:
08 Jun 2024 09:02 pm
Published on:
08 Jun 2024 09:48 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
