
Video: 50 फीट तक बाइक सवार को घसीटकर ले गया ट्रक, मौत
पोकरण. कस्बे के केन्द्रीय बस स्टैंड के पास मुख्य सड़क पर रविवार को दोपहर करीब एक बजे एक ट्रक ने आगे चल रही बाइक को चपेट में ले लिया। ट्रक की गति इतनी तेज थी कि बाइक सवार को 50 फीट तक घसीटकर ले गई। जिससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई और भीड़ ने जाम लगा दिया। पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत कर भीड़ को बिखेरा और रास्ता खुलवाया। एक बाइक पर सवार भणियाणा के पन्नासर निवासी उमर (21) पुत्र रहमतुल्ला जोधपुुर रोड से केन्द्रीय बस स्टैंड की तरफ जाने के लिए सड़क पार कर रहा था। इस दौरान जैसलमेर रोड से जोधपुर रोड की तरफ तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया। ट्रक की गति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मौके पर करीब 50 फीट तक ब्रेक के निशान सड़क पर लगे पड़े है। हादसे के बाद यहां पास ही बैठे दुकानदारों ने बाइक सवार को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चालक के साथ की मारपीट
हादसे में युवक के मौत की सूचना मिलते ही मौके पर उपस्थित भीड़ आक्रोशित हो गई। भीड़ ने ट्रक के चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिस के आने तक भीड़ ने चालक के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान यहां उपस्थित कुछ युवाओं ने बीच बचाव कर चालक को छुड़ाया और पुलिस के आने पर उन्हें सुपुर्द किया। पुलिस ने ट्रक चालक को दस्तयाब किया।
भीड़ ने लगाया जाम, टायर की निकाली हवा
तेज गति से निकल रहे ट्रक के चालक की लापरवाही के कारण हुए हादसे के बाद मौके पर उपस्थित भीड़ ने सड़क पर जाम लगा दिया। यहां खड़े ट्रक के एक टायर की हवा निकाली, तब पुलिस ने युवाओं को रोक दिया। भीड़ ने यहां जाम लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने काफी देर तक समझाइश की, लेकिन वे नहीं माने। सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक मोटाराम गोदारा, थानाधिकारी चुन्नीलाल विश्रोई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता फिरोजखां मेहर गोमट ने भी यहां पहुंचकर युवाओं से समझाइश कर सड़क से दूर किया और यातायात सुचारु करवाया।
उलझते रहे युवा, पुलिस व आरएसी के जवान किए तैनात
जाम लगाने पर पुलिस व अन्य लोगों ने युवाओं से समझाइश की, तो भीड़ उनसे ही उलझने लगी। इस दौरान उनके बीच गाली गलौच भी होती रही। काफी देर तक भी नहीं मानने पर पुलिस उपाधीक्षक गोदारा ने पुलिस जाब्ता बुलवाया। जिस पर भणियाणा थानाधिकारी खेताराम, सांकड़ा थानाधिकारी आदेशकुमार यादव, रामदेवरा थानाधिकारी विशनसिंह, लाठी थाने से किशनसिंह बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही आरएसी व पुलिस लाइन से आए अतिरिक्त जाब्ते ने भी मोर्चा संभाला और भीड़ को तित्तर बित्तर किया।
जिला कलक्टर ने ली जानकारी
हादसे के बाद जब लोग रास्ता जाम कर रहे थे। इस दौरान जिला कलक्टर डॉ.प्रतिभासिंह जोधपुुर से आ रही थी। उन्होंने भीड़ को देखकर रास्ता रोका तथा पुलिस उपाधीक्षक मोटाराम गोदारा से घटना की जानकारी ली। उन्होंने घटना पर दु:ख जताया तथा किसी भी तरह की व्यवस्था बिगडऩे पर उन्हें तत्काल सूचित करने के निर्देश दिए।
शव सुपुर्द, चालक दस्तयाब
हादसे के बाद मृतक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। इसके बाद पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया। इस दौरान अस्पताल में भी लोगों की भीड़ नजर आई। पुलिस ने हादसे के बाद ट्रक के चालक देचू के गुमानपुरा निवासी भोजराजसिंह पुत्र मेघसिंह को दस्तयाब किया तथा मामले की जांच शुरू की।
Published on:
01 May 2022 07:41 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
