30 दिसंबर 2025,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

होली पर पर्यटन की ‘दिवाली’: मार्च में मेहमानों के जैसलमेर में बढ़ रहे कदम

अमूमन फरवरी माह के बाद सैलानियों के कदम थम जाते हैं, लेकिन इस बार जैसलमेर में मार्च महीने में माहौल अलग ही है।

2 min read
Google source verification
jsm news

अमूमन फरवरी माह के बाद सैलानियों के कदम थम जाते हैं, लेकिन इस बार जैसलमेर में मार्च महीने में माहौल अलग ही है। मार्च का महीना जैसलमेर के लिए पर्यटन के लिए बेहतर साबित हो रहा है।आस्था, रोमांच, संस्कृति और उत्सव सब कुछ शामिल है। देशी-विदेशी मेहमानों की आमद से स्वर्णनगरी में विविध भाषाएं गूंज रही हैं। स्वर्णनगरी के सोनार दुर्ग की संकरी गलियां इन दिनों देशी-विदेशी पर्यटकों से गुलजार हैं। पटवों की हवेली और गड़ीसर झील पर सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है। उधर, सम और खुहड़ी के रेगिस्तानी धोरों में ऊंट सफारी और लोक संगीत की महफिलें पर्यटकों को लुभा रही है। विदेशी मेहमान यहां के पारंपरिक संगीत और नृत्य में खास रुचि दिखा रहे हैं।

धर्म और आस्था के रंग में रंगा स्वर्णनगरी

जैसलमेर न केवल एक ऐतिहासिक धरोहर है, बल्कि धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र भी बन चुका है। यहां के प्रसिद्ध जैन मंदिरों और शक्तिपीठों में हजारों श्रद्धालु संघ के रूप में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। जैन समाज के लिए जैसलमेर की धार्मिक मान्यता काफी विशेष है और इन दिनों जैन धार्मिक स्थानों पर बड़ी संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं।

हवाई सेवा और होटलिंग से पर्यटन को बूस्ट

आगामी 12 मार्च तक जारी हवाई सेवा से जैसलमेर तक सीधी पहुंच रहेगी। ऐसे में इस महीने भी दिल्ली, मुंबई और जयपुर से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आ रहे हैं। बजट होटलों से लेकर लग्जरी रिसॉट्र्स तक की सुविधा ने हर वर्ग के सैलानियों के लिए जैसलमेर को एक परफेक्ट डेस्टिनेशन बना दिया है।

…इसलिए मेहमानों से गुलजार है जैसाण

-वैकेशन ट्यूरिज्म का बढ़ता प्रचलन, हजारों की तादाद में देशी-विदेशी सैलानियों की आवक।

-जैन संघ, शक्तिपीठों और अन्य धार्मिक स्थलों पर भीड़।
-सोनार दुर्ग, सम, पटवों की हवेली, गड़ीसर झील, जैन मंदिर की बढ़ती लोकप्रियता

-हवाई सेवा 12 मार्च तक जारी, जिससे दिल्ली, मुंबई और जयपुर से सीधा आगमन।

-होली पर्व का आकर्षण, होटलों में विशेष आयोजन, सैलानियों की जैसलमेर की होली को लेकर रुचि
अविस्मरणीय अनुभव

मैंने सोचा नहीं था कि जैसलमेर में इतना सुंदर अनुभव मिलेगा। जैसलमेर सच में अद्भुत है। रेगिस्तान में होली पर्व मनाना जीवन का अविस्मरणीय अनुभव होगा।
-रॉबर्ट, यूके

यादगार सफर

यहां का सोनार किला, बाजार और सम के धोरों ने मन मोह लिया। परिवार के साथ एक यादगार सफर रहा। हवाई सेवा से आवागमन आसान हो गया है।
-नेहा शर्मा, दिल्ली

जैसलमेर बन रहा पहली पसंद

मार्च में पर्यटकों का हुजूम उमड़ रहा है। जैसलमेर अब हर पर्यटक की पहली पसंद बनता जा रहा है। मरु महोत्सव के बाद भी सैलानियों का जैसलमेर की रूख भविष्य के लिए शुभ संकेत हैं।
-पुष्पेन्द्र व्यास, पर्यटन व्यवसायी

सीजन के बाद भी सहारा

मार्च महीने में विदेशी सैलानियों की आमद बढ़ी है, जिससे होटल और रेस्तरां व्यवसाय को अच्छा सहारा मिल रहा है। फरवरी माह के बाद भी पर्यटन उद्योग को सहारा मिल रहा है।

-मधुरम, रेस्तरां संचालक