
Video: राजस्थान में जंगलराज के हालात, प्रदेशवासी पूरी तरह से त्रस्त: चौधरी
जैसलमेर. केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि राजस्थान सरकार पूरी तरह से निरंकुश हो चुकी है और वह भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। इस राज में भू माफिया, बजरी व खनन माफिया मनमानी कर रहे हैं। कांग्रेस नेता भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। आमजन को पीने के पानी से लेकर बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं भी पूरे तौर पर नहीं मिल पा रही हैं। गत दिनों बेमौसमी बारिश से बर्बाद हुई फसलों की गिरदावरी रिपोर्ट तक सरकार समय पर नहीं करवा पाई। इस तरह से राजस्थान में जंगलराज के हालात बने हुए हैं। प्रदेशवासी पूरी तरह से त्रस्त हैं और उनमें भारी आक्रोश व्याप्त है। चौधरी भाजपा के जिला संगठन की ओर से जनसमस्याओं को लेकर राजस्थान सरकार के खिलाफ किए गए जनाक्रोश महाघेराव के मौके पर कलेक्ट्रेट के बाहर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। चौधरी ने तंज किया कि उद्योगपति गौतम अडाणी के मुद्दे पर देशभर में झूठ बोलने वाली कांग्रेस राजस्थान में उनके साथ इलू-इलू करती है। अकेले जैसलमेर में ही अडाणी समूह को एक लाख बीघा जमीन का आवंटन इस सरकार की ओर से किया जा चुका है। आमजन की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा गया है।
जैसलमेर में नेता चला रहे प्रशासन
केंद्रीय मंत्री ने इस मौके पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में तुष्टीकरण की नीति हावी है। यही कारण है कि इसी जैसलमेर शहर के हनुमान चौराहा पर पिछले दिनों कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाया। जब पुलिस ने कुछ आरोपियों को पकड़ा तो रातोरात सत्ताधारी पार्टी के नेता उन्हें छुड़ा कर ले गए। इससे साफ है कि जैसलमेर में प्रशासन व पुलिस नहीं, नेता राज चला रहे हैं। क्षेत्रीय सांसद ने कहा कि जाने राजस्थान को किसकी नजर लग गई है। पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने सुशासन के कीर्तिमान स्थापित किए थे। वर्तमान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत केवल अपनी सरकार बचाने के चक्कर में लगे हैं। कांग्रेस में आपसी लड़ाई चरम पर है और जनता को भगवान भरोसे छोड़ा हुआ है। चौधरी ने जैसलमेर में लम्बी दूरी की ट्रेनों को शुरू किए जाने के सवाल पर कहा कि मोदी सरकार रेल सेवाओं को बेहतरीन बनाने के काम में जुटी है। जैसलमेर में डेढ़ सौ करोड़ रुपए की लागत से स्टेशन को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जा रहा है। जब स्टेशन पर सुविधाओं में इजाफा होगा तब यहां से रेल सेवाओं का भी विस्तार किया जाएगा। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को डेढ़ सौ से अधिक सीटें मिलने का दावा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने साफ किया कि यह चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों व उनके नाम पर लड़ा जाएगा। भाजपा में पदों को लेकर किसी तरह का संघर्ष नहीं है। यह कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। यहां बूथ स्तर के कार्यकर्ता को भी ऊंचे से ऊंचा पद मिल सकता है।
सभा में कांग्रेस सरकार को जमकर कोसा
हनुमान चौराहा पर आयोजित जन आक्रोश महाघेराव आमसभा को सम्बोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर जमकर हमले किए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार में मंत्री व नेता सब लोग जनता के पैसों को लूट कर अपना खजाना भरने में लगे हुए हैं। इस देश को पहले मुगलों ने लूटा, फिर अंग्रेजों ने ओर उसके बाद कांग्रेस ने लूटने का काम किया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर व्यग्य कसते हुवे कहा कि जैसी करनी वैसी भरनी। जिस अध्यादेश को खुद ने फाड़ा था उसी जाल में खुद ही फंस गए। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जो घोषणाएं की थी उनमें एक भी पूर्ण नहीं हुई है। केंद्र की योजनाए सभी वर्गों के लिए बनाई जाती है जबकि कांग्रेस तुष्टीकरण व जातिवाद के आधार पर योजनाएं चलाती है। शर्मा ने कहा कि आने वाला समय अपना है व 2023 व 2024 में कमल का फूल खिलेगा। मीडिया प्रभारी बाबूलाल शर्मा के अनुसार सभा में जिलाध्यक्ष चन्द्रप्रकाश शारदा, जिला प्रमुख प्रताप सिंह सोलंकी, महंत प्रतापपुरी महाराज, पूर्व यूआईटी अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, पूर्व विधायक छोटूसिंह भाटी व सांगसिंह भाटी, प्रधान जनकसिंह भाटी, पूर्व जिलाध्यक्ष जुगल किशोर व्यास, महामंत्री सवाई सिंह गोगली, सुशील व्यास, कंवराज सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष सवरूपसिंह, प्रदेश सदस्य विक्रम सिंह नाचना, भाजयुमो के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य आईदानसिंह भाटी, तारेंद्रसिंह झिनझिनयाली, मदनसिंह राजमथाई, मंडलों के अध्यक्ष व पदाधिकारी, किसान तथा महिलाएं उपस्थित थी। मंच संचालन मंत्री आईदान सिंह भाटी व युवामोर्चा के उदय सिंह भाटी ने किया।
कलेक्ट्रेट का घेराव, जमकर नारेबाजी
हनुमान चौराहा पर आमसभा के बाद अपराह्न भाजपा नेता और कार्यकर्ता जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां पुलिस की तरफ से कलेक्ट्रेट के द्वार बंद किए गए थे। जिस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा दरवाजों को झिंझोड़ कर उन्हें खुलवाने के लिए कहा। बाद में नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल जिला कलक्टर से मिलने पहुंचा और उन्हें ज्ञापन सौंपा।
Published on:
04 Apr 2023 07:46 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
