8 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

video: जिन्हें जनता ने नकार दियाए वे अब किसानों के कंधों पर रखकर बंदूक चला रहे: शेखावत

-कांग्रेस और कम्यूनिस्ट पार्टियों पर बरसे केंद्रीय मंत्री-दिल्ली में किसान आंदोलन को फाइव स्टार आंदोलन बताया
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जैसलमेर

•

image

Deepak Vyas

•

Updated: 26 Dec 2020, 8:55 PM IST

video: जिन्हें जनता ने नकार दियाए वे अब किसानों के कंधों पर रखकर बंदूक चला रहे: शेखावत

video: जिन्हें जनता ने नकार दियाए वे अब किसानों के कंधों पर रखकर बंदूक चला रहे: शेखावत


जैसलमेर. केंद्र की भाजपा सरकार की ओर से हाल में बनाए गए कृषि कानूनों के विरोध में देश के राजधानी क्षेत्र में किए जा रहे किसान आंदोलन की काट करने के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को किसान दिवस के तौर पर मनाया गया। इस मौके पर जैसलमेर जिले के बरमसर फांटा में किसान चौपाल आयोजित की गई। जिसमें मुख्य वक्ता के तौर पर शामिल होने पहुंचे केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत नए कानूनों का विरोध कर रहे कांग्रेस और कम्यूनिस्ट पार्टियों सहित समूचे विपक्ष पर खासे हमलावर नजर आए। शेखावत ने कहा कि जिन पार्टियों को देश की जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है, वे अब किसानों के कंधों पर बंदूक रखकर चलाने की कोशिश कर रही है। किसानों को उनके बहकावे में कतई नहीं आना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य दिलाने के लिए कटिबद्ध है तथा नए कानूनों में किसानों की बेहतरी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वामीनाथन समिति की सभी सिफारिशों को स्वीकार करते हुए नए कानून बनाए हैं, जबकि कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियां सत्ता में रहते हुए इन सिफारिशों का तकिया लगाकर सोती रही।
ऐसा आंदोलन नहीं देखा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिल्ली में किसान आंदोलन के नाम पर तमाम सुख-सुविधाओं का इंतजाम किया हुआ है। यह एक तरह से फाइव स्टार आंदोलन है। ऐसा उन्होंने अपने जीवन में कभी नहीं देखा। केंद्र सरकार ने किसानों को उनकी उपज पर डेढ़ गुना लाभ तय करते हुए न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया है। प्रधानमंत्री ने सभी 22 फसलों के समर्थन मूल्य घोषित करवाए हैं। ऐसा इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ। शेखावत ने कहा कि देशभर के अधिकांश किसान नए कानूनों के मुद्दे पर केंद्र सरकार के साथ है।
जीत की बधाई दी
उद्बोद्धन की शुरुआत में केंद्रीय मंत्री ने हाल में संपन्न पंचायतीराज चुनावों में जिला प्रमुख और तीन पंचायत समितियों में भाजपा के प्रधान बनने पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने फकीर परिवार का नाम लिए बगैर कहा कि यह परिवारतंत्र की समाप्ति की शुरुआत है। अभी लम्बी लड़ाई बाकी है। उन्होंने भाजपा के नए जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे आमजन के हित में दिन-रात काम करें क्योंकि उनकी चूक सीधे प्रधानमंत्री मोदी से जोड़ी जाएगी।
अब काम कर दिखाएं: प्रतापपुरी
पंचायतीराज चुनावों में भाजपा की कमान संभालने वाले स्वामी प्रतापपुरी ने कहा कि उनके साथ तमाम भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपना काम पूरा कर दिया। अब निर्वाचित प्रमुख-प्रधानों व उपप्रधानों की बारी है। वे दिन-रात अथक रूप से आमजन की भलाई के लिए काम करें। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास को अपने कामकाज का मूलमंत्र बनाएं। अब आप सार्वजनिक व्यक्ति हैं तथा आपके जीवन का एक.एक मिनट आमजन की सेवा के लिए है। नव निर्वाचित जिला प्रमुख प्रतापसिंह सोलंकी ने कहा कि वे वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में काम करते हुए सबके विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
मोदी का किसानों से संवाद दिखाया
इससे पहले किसान चौपाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देशभर के किसानों के साथ किए गए संवाद कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से एक हजार से अधिक लोगों के साथ केंद्रीय मंत्री तथा तमाम भाजपा नेताओं ने एक घंटे से ज्यादा अवधि का कार्यक्रम देखा। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश शारदा, पूर्व विधायक सांगसिंह भाटी, छोटूसिंह भाटी, डॉ. जालमसिंह रावलोत और शैतानसिंह राठौड़, पूर्व जिला प्रमुख रेणुका भाटी, विक्रमसिंह नाचना, नवनिर्वाचित प्रधान और उपप्रधान, जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य उपस्थित थे।