
Video: 3 किस्मों की 60 क्विंटल लकडिय़ों से भरे टर्बो ट्रक को किया जब्त
पोकरण. इंदिरा गांधी नहरी क्षेत्र में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई कर उनका परिवहन करने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। दो दिन पूर्व मोहनगढ़ में लकड़ी की गिट्टी व चारा बरामद करने का मामला सामने आया था। अब मंगलवार की रात वन विभाग ने नाचना गांव के पास नाकाबंदी के दौरान अलग-अलग किस्मों से भरी लकडिय़ों से भरे टर्बो ट्रक को जब्त किया गया है। नाचना वन विभाग अधिकारियों ने मोहनगढ़ के नहरी क्षेत्र से अवैध रूप से परिवहन कर ले जाई जा रही विभिन्न किस्मों की 60 क्विंटल लकडिय़ों से भरे 1 ट्रक को जब्त किया है। जबकि आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। वन विभाग नाचना के क्षेत्रीय वन अधिकारी रामप्रकाश जांगू ने बताया कि मंगलवार की शाम इंदिरा गांधी नहर क्षेत्र से लकडिय़ों से भरे अवैध ट्रक के नाचना की तरफ आने की सूचना मिली। इंदिरा गांधी नहर परियोजना जैसलमेर के उपवन संरक्षक व सहायक वनसंरक्षक मोहनगढ़ के निर्देशन में उनके नेतृत्व में सहायक वनपाल ओमपुरी, होमगार्ड खेमाराम, बहादुरखां, मंजूरखां की टीम की ओर से नाकाबंदी करवाई गई। करीब साढ़े 8 बजे मोहनगढ़ की तरफ से एक टर्बो ट्रक आता हुआ दिखाई दिया। जिसे रुकवाकर जांच की तो उसमें शीशम, टॉटलिस व जूली फ्लोरा पेड़ की गीली व सूखी करीब 60 क्विंटल लकडिय़ां भरी हुई पाई गई। ट्रक रुकते ही चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। ट्रक में किसी भी तरह के लकड़ी परिवहन के वैध कागजात नहीं पाए गए। जिस पर ट्रक को जब्त किया गया और वन संरक्षण अधिनियम की धाराओं में लकड़ी का अवैध परिवहन करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दो दिन पूर्व पकड़ा था गिट्टी से भरा ट्रक
मोहनगढ़ में दो दिन पूर्व लकड़ी की गिट्टियों व चारे से भरा एक ट्रक जब्त किया गया था। वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान सोमवार की रात लकड़ी की गिट्टियों व चारे से भरा एक ट्रक जब्त कर 13 टन बबलू की लकड़ी की गिट्टी व चारा बरामद किया था। यह गिट्टी व चारा बीकानेर के रास्ते पानीपत ले जाया जा रहा था। ये अवैध कार्य करने वाले लोग बड़ी-बड़ी लकडिय़ों से गिट्टी व चारा बनाते है और फिर उसका अवैध परिवहन कर अन्य स्थानों पर भेजते है।
पेड़ों की हो रही अवैध कटाई व परिवहन
मोहनगढ़ व नाचना नहरी क्षेत्र में वन विभाग की ओर से लाखों पेड़-पौधे लगाए गए है। साथ ही यहां वन विभाग का आरक्षित क्षेत्र भी है। बीते कुछ समय से नहरी क्षेत्र में पेड़ पौधों की अवैध रूप से कटाई की जा रही है। साथ ही रात के समय वाहनों में भरकर इनका परिवहन किया जा रहा है। पेड़ पौधों के साथ ही लकड़ी की गिट्टी व चारा बनाकर भी उसका परिवहन किया जा रहा है। हालांकि वन विभाग की ओर से क्षेत्र में गश्त बढ़ाते हुए कार्रवाई की जा रही है, लेकिन चोरी छिपे अवैध कटाई व परिवहन लगातार जारी है।
Published on:
31 Aug 2023 05:41 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
