
Video: जाड़े का जुल्म जारी, धूप से मिली राहत
सीमांत जैसलमेर जिले में नए वर्ष के लागू होने के साथ ही कड़ाके की सर्दी का शुरू हुआ दौर कमोबेश शनिवार को भी जारी रहा। अलबत्ता दिन और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी और सूर्य की किरणों की प्रखरता से दिन में शहरवासियों के साथ जैसलमेर भ्रमण पर आए सैलानियों को थोड़ी राहत अवश्य मिली। हालांकि दिन ढलते ही सर्द हवाओं का दौर पुन: खलने लगा। शनिवार को अधिकतम तापमान 22.0 डिग्री दर्ज किया गया जो इससे पहले शुक्रवार के दिन 20.5 था, ऐसे ही न्यूनतम तापमान भी बढकऱ 6.7 हो गया और गत सुबह 8 बजे तक दर्ज किए गए 5.5 डिग्री से अधिक रहा। शनिवार की सुबह आकाश में हल्का कोहरा छाया हुआ था, जो सुबह करीब 9 बजे के बाद सूर्य की किरणों के साथ छंटना शुरू हो गया। दिन में 10 बजे के बाद अच्छी धूप खिल गई। इससे लोगों को अपने कार्यवश घर से बाहर निकलने में सुभीता हुआ। हालांकि सरकारी छुट्टी होने से सडक़ों पर आमद-रफ्त कम ही रही। दोपहर के समय शहर के बाजारों में रौनक नजर आई। जैसलमेर भ्रमण पर आए सैलानियों को शनिवार का दिन खूब रास आया। बीते दिनों से दिन के समय भी उन्हें शीतलहर के झोंकों से दो-चार होना पड़ा था। गौरतलब है कि पिछले 4 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान 5 से 5.5 डिग्री के बीच झूलता रहा तो अधिकतम तापमान भी 16 से 20 डिग्री के मध्य रहने से दिन में भी राहत नहीं मिल सकी थी।
नौनिहालों की छुट्टियों से अभिाभवक भी राहत में
इधर जिला कलक्टर की तरफ से जैसलमेर जिले में कक्षा 8वीं तक पढऩे वाले सभी सरकारी व निजी स्कूलों के बच्चों की 13 जनवरी तक छुट्टियां बढ़ा दिए जाने से बच्चों के साथ उनके अभिभावकों को भी राहत मिल गई है। जहां बच्चों को सुबह जल्दी उठ कर स्कूल जाने से छुटकारा मिला है वहीं उन्हें तैयार कर टिफिन देने से लेकर स्कूल छोडऩे की जहमत से माता-पिता आदि को बड़ी सुविधा मिली है।
Published on:
06 Jan 2024 08:25 pm
