जैसलमेर/पोकरण. प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मंगलवार को सीमावर्ती जैसलमेर जिले की दो शक्तिपीठों तनोटराय और भादरियाराय मंदिरों में दर्शन करने के साथ पूर्ण श्रद्धाभाव के साथ पूजा अर्चना की। लाल साड़ी में हेलीकॉप्टर के जरिए बाड़मेर से पहले तनोट और फिर भादरिया पहुंची पूर्व मुख्यमंत्री राजे की इस दर्शन यात्रा के दौरान जिले भर के भाजपा नेता व कई कार्यकर्ता उनका स्वागत करने के लिए पहुंचे। तनोटराय पहुंचने पर वसुंधरा राजे ने विजय स्तम्भ पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और तनोट मंदिर परिसर में मन्नत मांगते हुए रूमाल भी बांधा। उनकी इस यात्रा को लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता का माहौल रहा। हालांकि उनकी यह यात्रा पूर्णरूपेण धार्मिकता के रंग में ही रंगी रही। अलबत्ता वसुंधरा राजे दोनों स्थानों पर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के अलावा ग्रामीणों से भी बहुत इत्मीनान से मिली और उनके अभाव अभियोग भी सुने।