
बुंदेलखंड की धरती पर आज कई सितारों का मेला लगा था, मौका था दिल्ली के इंफ्यूएंसर सौरभ द्विवेदी के ट्रस्ट द्वारा उनके गांव में एक पुस्कालय के उद्घाटन का। सौरभ द्विवेदी ने मंच से एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि उन्होंने और उनकी पत्नी गुंजन सांगवान ने मिलकर यह निर्णय लिया है कि उनकी पूरी चल और अचल संपत्ति ‘देस राग’ (ग्राम विकास को समर्पित संस्था) के माध्यम से बुंदेलखंड में 100 पुस्तकालयों के निर्माण के लिए समर्पित की जाएगी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी गुंजन सांगवान को वे अपना गुरु मानते हैं और दोनों ने मिलकर यह संकल्प लिया है कि समाज में शिक्षा और ज्ञान के प्रसार के लिए यह पहल लगातार जारी रहेगी। सौरभ द्विवेदी ने यह भी बताया कि वे और उनकी पत्नी देहदान का संकल्प भी ले चुके हैं।
नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी ने ‘माता प्रसाद पुस्तकालय’ के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कहा कि पुस्तकालय केवल किताबों का भवन नहीं होता, बल्कि यह समाज में ज्ञान की चिंगारी जगाने का माध्यम है। अगर बुंदेलखंड क्षेत्र में इस तरह के 100 पुस्तकालय बन जाएं तो यह एक बड़े शैक्षिक आंदोलन का रूप ले सकता है। कैलाश सत्यार्थी ने बाल श्रम को समाज की बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि जब तक एक भी बच्चा मजदूरी करने को मजबूर है, तब तक विकास अधूरा माना जाएगा।
वहीं यूपी के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि अब समय आ गया है कि शहरों के साथ-साथ गांवों में भी आधुनिक पुस्तकालय स्थापित किए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को आईएएस और आईपीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर माहौल मिल सके। उन्होंने कहा कि यह पुस्तकालय बुंदेलखंड के युवाओं में नई सोच और चेतना जगाने का काम करेगा।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के तौर पर राज्य सभा के उपसभापित हरिवंश, डॉ. विकास दिव्यकीर्ति भी सम्मलित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास ने की।
पुस्तकालय की विशेषताएं भी काफी आकर्षक हैं। यहां शिक्षा, साहित्य, कविता और अन्य ज्ञानवर्धक विषयों की किताबों का बड़ा संग्रह रखा गया है। पुस्तकालय के ऊपर एक ऑडिटोरियम भी बनाया गया है, जहां बाहर से आने वाले कलाकार, लेखक और विचारक ठहर सकेंगे और बच्चों के साथ संवाद कर सकेंगे।
इस पहल का सबसे अनोखा हिस्सा मोबाइल लाइब्रेरी ट्रक है। एक ट्रक को चलता-फिरता पुस्तकालय बनाया गया है, जो चमारी और आसपास के गांवों में घूमकर बच्चों तक 400 से 500 किताबें पहुंचाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन पत्रकार सौरभ द्विवेदी और इन्फो पार्क के डायरेक्टर अभय द्विवेदी की ओर से किया गया था। इस मौके पर क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में आशीष पटेल, प्रशांत सिंह, प्रतीक सिंह और अवनीश सागा समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
Updated on:
08 Mar 2026 07:18 pm
Published on:
08 Mar 2026 06:15 pm
बड़ी खबरें
View Allजालौन
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
