
यह ऐसा खंभा, जो ले सकता है जान
जालोर. डिस्कॉम के अधिकारियों की छूटी सी चूक त्योहारी सीजन में बड़े हादसे का कारण बन सकती है। शहर के भीनमाल मुख्य मार्ग पर ट्रक यूनियन के सामने करीब 10 दिन पूर्व अज्ञात वाहन की टक्कर से बिजली का खंभा टूट गया था, हालांकि उसके पास सपोर्टिंग पाइप लगा होने से यह बिखरा नहीं। इन हालातों में इसी क्षतिग्रस्त सीमेंटेड खंभे के ऊपर से ही बिजली के तार निकल रहे हैं। डिस्कॉम की ओर से अब तक इस खंभे को नहीं बदला गया है। जिससे गंभीर हादसे की आशंका बनी हुई है। गौर करने वाली बात यह भी है कि इस खंभे से मात्र 300 मीटर की दूरी पर ही डिस्कॉम का सिटी कार्यालय भी है, लेकिन उसके बाद भी यह अनदेखी समझ से परे हैं।
2 माह बदला गया था यह खंभा
जिस स्थान पर यह खंभा टूटा है। उसके सामने ही साल की शुरुआत में ही एक ट्रांसपोर्ट एजेंसी भी संचालित हुई। ऐसे में यहां ट्रकों की आवाजाही अधिक रहती है और अक्सर ट्रकें अनलोड भी होती है। 2 माह पूर्व भी एक ट्रक की टक्कर से इसी स्थान पर खंभा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद सप्लाई बाधित रही थी। हालांकि उस समय यहां लोहे का खंभा था, जिसके कारण वह टूटा नहीं था, हालांकि बैंड होने से तार झूलने लग गए थे। जिसके बाद डिस्कॉम ने खंभा बदलकर यहां सीमेंटेड खंभा लगा दिया। अब यही सीमेंटेड खंभा क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिसे समय रहते नहीं बदला गया तो गंभीर हालात पैदा हो सकते हैं।
शहरभर में अनदेखी का आलम
शहर की बात करें तो भीतरी भागों तथा कई अन्य स्थानों पर पुराने या क्षतिग्रस्त विद्युत पोल या खंभे लगे हुए है। जिन्हें डिस्कॉम की ओर से नहीं बदला गया है। हालांकि मोहल्लेवासी इस बारे में कई बार शिकायत भी दर्ज करवा चुके हैं।
झूलते तार भी गंभीर हालात पैदा कर रहे
शहर के बाहरी हिस्सों में डिस्कॉम की ओर से हालांकि अंडरग्राउंड केबलिंग का कार्य करवाया गया है। लेकिन अब भी शहर के भीतरी भागों में बड़ा हिस्सा ऐसा हैं जहां घरों के पास से तार गुजर रहे हैं। वहीं कई स्थानों पर तार ढीले हैं।
Published on:
06 Nov 2018 11:38 am
