
पानी नहीं तो वोट नहीं, मतदान का बहिष्कार
जलापूर्ति कार्य शुरू करने एवं समझाइश पर पांच घंटे बाद शुरू हुआ मतदान, आहोर विधानसभा क्षेत्र के सेदरिया कुंपावतान का मामला
जालोर/आहोर. पानी की कमी से जूझ रहे लोगों का गुस्सा मतदान दिवस पर फट पड़ा। सरकारों तक पानी नहीं तो वोट नहीं का संदेश पहुंचाने के लिए मतदान का बहिष्कार कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से समझाइश की। अधिकारियों ने गांव में जलापूर्ति सुचारू करने का कार्य शुरू करने के निर्देश जारी किए। करीब पांच घंटे बाद लोग मान गए तथा मतदान शुरू हुआ। मामला आहोर विधानसभा क्षेत्र के सेदरिया कुंपावतान गांव का है। गांव के बूथ नम्बर 95 पर ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सेदरिया कुम्पावतान में लंबे समय से पेयजल समस्या व्याप्त है। इसका अभी तक समाधान नहीं होने पर मतदान का बहिष्कार कर विरोध जताया। निर्धारित समय से करीब 5 घंटे बाद अधिकारियों की समझाइश व पेयजल सप्लाई सुचारू करने का कार्य शुभारंभ होने के बाद मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी प्रशांत शर्मा समेत जलदाय विभाग के अधिकारी आदि मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से समझाइश की, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे तथा मतदान का बहिष्कार जारी रखा। दोपहर करीब बारह बजे अधिकारियों के निर्देश पर गांव में पेयजल सप्लाई सुचारू करने के कार्य का शुरू होने के बाद ग्रामीण माने तथा मतदान शुरू किया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पिछले कई वर्षों से पेयजल समस्या व्याप्त है, जिससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर पूर्व में कई बार अधिकारियों को अवगत करवाया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। इससे नाराज होकर मतदान का बहिष्कार कर विरोध जताया।
Updated on:
29 Apr 2019 02:08 pm
Published on:
29 Apr 2019 01:46 pm
