10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जालोर: घर में अकेली महिला की हत्या, कान से सोने के आभूषण निकालकर फरार हुए बदमाश; गांव में आक्रोश

जालोर जिले के बिलड़ गांव में घर में अकेली महिला की हत्या कर लूट की वारदात से सनसनी फैल गई। वारदात के बाद सोमवार को परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण रानीवाड़ा सीएचसी पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल के बाहर सड़क पर धरने पर बैठ गए।
2 min read
Google source verification
jalore crime

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर सड़क पर बैठे ग्रामीण. Photo- Patrika

जालोर/रानीवाड़ा । जसवंतपुरा थाना क्षेत्र के बिलड़ गांव में रविवार दोपहर बाद घर में अकेली 80 वर्षीय वृद्धा फाऊदेवी की हत्या कर लूट की वारदात से सनसनी फैल गई। आरोप है कि लुटेरों ने वृद्धा की हत्या कर दी और कान से सोने के आभूषण निकालकर फरार हो गए। वारदात के बाद सोमवार को परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण रानीवाड़ा सीएचसी पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल के बाहर सड़क पर धरने पर बैठ गए।

धरने की सूचना पर एएसपी आवड़दान रतनू, डीएसपी भवानीसिंह इंदा, जसवंतपुरा थानाधिकारी डिंपल कंवर सहित पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजन और ग्रामीणों से समझाइश का प्रयास किया। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है और वे आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

घर में अकेली थी वृद्धा, इसी दौरान वारदात

पुलिस के अनुसार फाऊदेवी अपने पोते के साथ रहती थी। रविवार को उसका पोता दुकान पर गया हुआ था, जबकि पोते की पत्नी प्रसव के कारण मायके गई हुई थी। पास में ही वृद्धा का पुत्र और उसका परिवार भी रहता है, लेकिन वे भी किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान घर में वृद्धा अकेली थी। शाम को परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे।

सिर पर लाठी से वार, मौके से मिली लाठी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने वृद्धा के सिर पर लाठी से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके से वारदात में प्रयुक्त बताई जा रही लाठी बरामद की है। घटना के बाद एफएसएल और एमओबी टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

कान के आभूषण लूटे, नकदी को नहीं ले जा सके

प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपियों का मकसद लूट हो सकता है। वृद्धा की हत्या के बाद आरोपी उसके कान के सोने के आभूषण निकालकर ले गए। परिजनों की ओर से करीब 4 लाख रुपए की लूट की बात कही जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

रैकी के बाद वारदात की आशंका

पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने पहले घर की रैकी की और उस समय वारदात को अंजाम दिया, जब घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। पुलिस इस संभावना पर भी जांच कर रही है कि आरोपी गांव के ही परिचित हो सकते हैं। वारदात के दौरान वृद्धा और आरोपियों का आमना-सामना हुआ और विरोध के चलते उसके सिर पर हमला किया गया।

सीसीटीवी और संदिग्धों की आवाजाही खंगाल रही पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की है। टीम गांव और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। मुख्य मार्गों, संभावित आवाजाही वाले स्थानों और आसपास के होटल आदि के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस मृतका के पौते श्रवण कुमार की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

इन्होंने कहा

मृतका के पौते की रिपोर्ट पर हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्तर पर जांच की जा रही है।

  • डिंपल कंवर, थानाधिकारी, जसवंतपुरा

यह वीडियो भी देखें