शहर के बोकडिय़ावास में एक विवाहिता ने अपने दो मासूमों के साथ पानी के टांके में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार दंपती में आपसी झगड़ा इस घटनाक्रम का कारण रहा।
सांचौर। शहर के बोकडिय़ावास में एक विवाहिता ने अपने दो मासूमों के साथ पानी के टांके में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार दंपती में आपसी झगड़ा इस घटनाक्रम का कारण रहा। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। उससे पहले ही मौके पर मौजूद लोगों ने शवों को टांके से बाहर निकाल कर सरकारी अस्पताल तक पहुंचा दिया था।
पुलिस के अनुसार रतोड़ा निवासी हाल शहर के बोकडिय़ावास में रहने वाले बालका राम देवासी और उसकी पत्नी पिंटा (25) के बीच गुरुवार दोपहर को किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसके बाद पति बालका राम अपना सब्जी का ठेला लेकर काम पर चला गया। दोपहर करीब 3 बजे पिंटा अपने दो बेटे कल्पेश (5) और पारसा राम (3) के साथ घर में बने टांके में कूद गई। डूबने से तीनों की मौत हो गई।
कूदने से पहले अपनी बहन को किया फोन
पति से झगड़े के बाद पिंटा ने अपनी बहन को फोन किया। जब उसकी बहन को कुछ ठीक नहीं लगा दो उसने अपने जीजा बालका राम को फोन किया, लेकिन जीजा ने फोन ऩहीं उठाया। इस पर बहन ने पड़ोस में रहने वाले परिवार को जानकारी दी। पड़ोस के लोग जब घर में पहुंचे। तब तक अनहोनी हो चुकी थी। पीहर पक्ष को घटनाक्रम की जानकारी देने के साथ पुलिस ने शवों केा मोर्चरी में रखवाया।