
Negligence in the safety of girls, two physical teachers suspended
जालोर. जिला मुख्यालय पर मंगलवार को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना होने वाली बेटियों की सुरक्षा में लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया। बेटियों की सुरक्षा में कोताही बरतने पर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक ललित शंकर आमेटा में रात्रि में ही जिम्मेदार दोनों शारीरिक शिक्षिकाओं को निलंबित कर उनका मुख्यालय डीईओ कार्यालय जालोर किया है।
अभिभावकों ने जिन शिक्षिकाओं के भरोसे अपनी बेटियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जाने के लिए घर से जालोर भेजा था। दरअसल, वे शारीरिक शिक्षिकाएं जालोर पहुंची ही नहीं।शाम को अंधेरा होने व बेटियों के डीईओ आफिस के बाहर भटकने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को वास्तविकता का पता लगा। देर शाम तक जिन शारीरिक शिक्षिकाओं को प्रशिक्षक लगाया गया था।उनके नहीं पहुंचने पर खिलाड़ी छात्राओं ने अपनी व्यथा अधिकारियोंं को बताई। ऐसे में अधिकारी हरकत में आए।
संबंधित शिक्षिकाओं ने दूरभाष पर जानकारी ली तो एक शिक्षिका ने रामदेवरा दर्शनार्थ जाने की बात कही। वहीं दूसरी शिक्षिका की लापरवाही भी सामने आई। ऐसे में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक ने इसे गंभीरता से लेते हुए ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय नोरवा की शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशक गायत्री परिहार व राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चोंचवा की शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशक पिंकी कुमारी को निलंबित कर उनका मुख्यालय जालोर किया।
अंधेरा होने पर मायूस हुई खिलाड़ी
कुचेरा में होने वाली राज्य स्तरीय 19 वर्ष छात्रा वर्ग की हॉकी प्रतियोगिता के लिए जिले के अलग-अलग स्कूल से छात्राएं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंची थी। यहां देर शाम तक अंधेरा होने के बाद भी जब प्रशिक्षक लगाई गई शारीरिक शिक्षिकाएं नहीं पहुंची तो बेटियों के चेहरे पर मायूसी छा गई। उन्होंने अधिकारियों को बताया। ऐसे में हाथों हाथ रात्रि में दूसरे शिक्षक व शिक्षिकाओं की ड्यूटी लगाई गई। सुबह इन्हें कुचेरा के लिए रवाना किया गया।
छात्रावास में रुकवाया, रात्रि में करवाया भोजन
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जाने वाली बालिकाएं सुबह ही डीईओ कार्यालय पहुंच गई थी। यहां देर शाम को अंधेरा होने के बाद भी प्रशिक्षक नहीं पहुंची थी। ऐसे में रात्रि को करीब आठ बजे शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बालिकाएं के लिए शारदे बालिका छात्रावास में ठहरने की व्यवस्था करवाई व उनके लिए भोजन तैयार करवाकर उन्हें भोजन करवाया।बुधवार सवेरे इन बालिकाओं को दूसरे टीम प्रभारियों के साथ नागौर जिले के कुचेरा में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता केलिए रवाना किया।
अनहोनी होती तो भारी पड़ता जवाब देना
मंगलवार शाम को अंधेरा होने के बाद कुछ खिलाड़ी छात्राएं स्टेडियम के आसपास घूम रही थी। राहगीरों की ओर से पूछने पर बताया कि उनकी टीम प्रभारी नहीं आई है। वे सुबह से भूखी बैठी है। स्टेडियम के आसपास अंधेरा होने के बाद अक्सर कुछ शरारती किस्म के युवा व शराबी भी घूमते है। ऐसे में बेटियों के साथ अंधेरे में कोई अनहोनी हो जाती तो शिक्षा विभाग के अधिकारियों के लिए जवाब देना भारी पड़ जाता। हालांकि कुछ जागरूक लोगों ने उन्हें डीईओ ऑफिस में ही बैठे रहने की नसीहत दी। इसके कुछ समय बाद ही इन खिलाड़ी छात्राओं को शारदे बालिका छात्रावास भेजा गया।
दोनों निलंबित
कुचेरा में होने वाली छात्रा वर्ग की राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता केे लिए दो शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशक मंगलवार शाम तक जालोर नहीं पहुंची थी।कार्य में लापरवाही बरतने पर इन दोनों को निलंबित कर इनका मुख्यालय डीईओ कार्यालय किया गया है।
-ललितशंकर आमेटा, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक)
Published on:
13 Sept 2018 11:15 am
