
वक्ताओं ने कहा, आमजन में पार्टी के प्रति विश्वास पैदा करें
सायला. कांग्रेस के मेरा बूथ मेरा गौरव कार्यक्रम के तहत पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का दर्द अब मंच पर खुलकर सामने आने लगा है। रानीवाड़ा, सांचौर व भीनमाल में जहां कांग्रेस के पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की धड़ेबंदी खुलकर सामने आई। वहीं सोमवार को सायला में हुए जालोर विधानसभा क्षेत्र के कार्यक्रम में भी कुछ पदाधिकारियों ने मंच पर ही मन की भड़ास निकाली ली।
सायला के चौधरी समाज राजाराम महाराज छात्रावास में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व जिला प्रमुख मंजू मेघवाल ने कहा कि जालोर विधासभा क्षेत्र में कुछ नेता यह कहते हुए घूम रहे है कि चाहे उनको कांग्रेस का टिकट मिले या नहीं मिले। लेकिन वो हर हाल में चुनाव लड़ेंगे। मेघवाल ने कहा कि इस तरह की बातों से कार्यकर्ताओं का मनोबल गिर रहा है। उन्होंने ऐसे नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही। हालांकि इस दौरान जिस नेता पर कटाक्ष किया गया था, उन्होंने चुप्पी साधे रखी। कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव विवेक बंसल ने कहा कि दावेदार पार्टी हित में कार्य करते हुए आमजन में पार्टी के प्रति विश्वास पैदा करें। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में उनको टिकट मिलेगा, जो आमजन व कार्यकर्ताओं के बीच में रहता हो। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा की कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी आपसी मनमुटाव भुलकर हिलमिलकर कार्य करे। कार्यक्रम को पूर्व सांसद पारसाराम मेघवाल, संध्या चौधरी, बाड़मेर-जैसलमेर के पूर्व सांसद हरिश चौधरी, जिला प्रभारी सोमेन्द्र गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष अजीतसिंह देता समेत अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव पुखराज पाराशर, पूर्व विधायक रतन देवासी, प्रदेश सचिव जगदीश चौधरी, जिला अध्यक्ष समरजीत सिह, प्रदेश सचिव बालेन्दुसिंह, पूर्व विधायक रामलाल मेघवाल समेत कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस के बंसल बोले, जीताऊ को देंगे टिकट
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
ह्म्ड्डद्भड्डह्यह्लद्धड्डठ्ठश्चड्डह्लह्म्द्बद्मड्ड.ष्शद्व
जालोर. कांग्रेस प्रत्याशी के लगातार दो बार या भारी मतों से हारने वाले को टिकट की दौड़ से बाहर नहीं किया जाएगा। टिकट वितरण में स्थानीय और बाहरी का भी कोई मुद्दा नहीं रहेगा। इस सम्बंध में अभी तक चल रही सभी अटकलों पर कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी विवेक बंसल ने विराम लगा दिया है। वे सोमवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से रूबरू हुए।
बताया कि टिकट वितरण में बाहरी या स्थानीय का कोई मुद्दा नहीं है। पार्टी ने इसके लिए ऐसी कोई गाइड लाइन तय नहीं की है। जीताऊ प्रत्याशी को प्राथमिकता जरूर दी जाएगी। मुख्यमंत्री पद के दावेदारी वाले सवाल को गोल करते हुए बताया कि सत्ताधारी दल में चेहरा तय हो सकता है, लेकिन विपक्षी पार्टी में एक चेहरे को आगे कर चुनाव नहीं लड़ सकते। प्रदेश में विकास के दावों को खोखला बताते हुए कहा कि जालोर जिले में ही गत वर्ष बारिश के बाद जिन क्षतिग्रस्त मार्गों से गुजरे थे उनकी हालत आज भी ज्यों की त्यों है। आरोप लगाया कि सरकार जब मुख्य मार्ग ही ठीक नहीं करवा पा रही है तो राज्य में विकास के दावे करना बेमानी है। बताया कि कांग्रेस इस बार और मजबूती से चुनाव मैदान में उतरेंगे। स्थानीय स्तर पर चल रही गुटबाजी को समय रहते खत्म करने का दावा किया।
तालमेल का अभाव
कांग्रेस में टिकट को लेकर पिछले कुछ समय से घमासान मचा हुआ है। रानीवाड़ा व भीनमाल में स्थानीय को टिकट देने की बात कही जा रही है। खुद जिलाध्यक्ष समरजीत सिंह भीनमाल में स्थानीय को टिकट देने की पैरवी कर चुके हैं। संगठनात्मक कार्यक्रम को लेकर सहप्रभारी जिले के दौरे पर थे, लेकिन आपसी तालमेल के अभाव में इस मामले में दोनों के वक्तव्य अलग-अलग रहे।
उनके वहां तो मुखिया तक घोषित नहीं
सह प्रभारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कहीं विकास नहीं हो रहा। इस पर मीडिया कर्मियों ने पूछा कि विपक्षी दल के नाते कांग्रेस ने कभी इसका पूरजोर तरीके से विरोध नहीं किया। कम से कम जालोर में ऐसा कोई काम नजर नहीं आया, जिससे पता चले कि कांग्रेस जनता के साथ खड़ी है। जवाब मिला कि अब करेंगे। चुनावी तैयारी के बारे में बताया कि पार्टी ने स्क्रीनिंग कमेटी तक बना ली है, लेकिन भाजपा अभी अपने मुखिया का नाम तक घोषित नहीं कर पाई है।
Published on:
26 Jun 2018 10:08 am
