
जालोर। सांचौर विधानसभा सीट पर देवजी पटेल को प्रत्याशी घोषित करने के बाद उपजे गतिरोध को शांत करने के लिए रविवार को भाजपा पदाधिकारियों की सांचौर में बैठक हुई। पदाधिकारी जीवाराम और दानाराम को मनाने के लिए उनके आवास तक पहुंचे। लेकिन, दोनों ही नहीं मिले। इधर, सुलह के लिए भाजपा प्रत्याशी देवजी पटेल ने जीवाराम और दानाराम से गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि मुझे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने प्रत्याशी बनाया गया है। मैंने पूर्व में कभी विधानसभा चुनाव में टिकट की मांग नहीं की। सांचौर की आम जनता सहित किसानों के हित में जीवाराम एवं दानाराम के पैर पकडऩे के लिए तैयार हूं।
आवास तक पहुंचे पदाधिकारी, नहीं मिले जीवाराम व दानाराम
भाजपा के पूर्व प्रत्याशी जीवाराम और दानाराम को मनाने और संगठन में एकजुटता बहाल करने के लिए समाज के लोग और भाजपा पदाधिकारी उनके आवास तक पहुंचे। लेकिन, घर पहुंचे तो बताया गया कि वे घर पर मौजूद नहीं है। इससे पूर्व प्रत्याशी देवजी पटेल के यहां पर भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान भाजपा के जालोर जिला प्रभारी एवं दिल्ली विधायक अजय महावर, राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष रविन्द्रसिंह बालावत, जिलाध्यक्ष श्रवणसिंह राव, पूर्व राज्यमंत्री भूपेन्द्र देवासी, पूर्व जिला प्रमुख वन्नेसिंह गोहिल, पूर्व जिलाध्यक्ष अमीचंद जैन, मोतीराम चौधरी, पूर्व प्रधान हनुमानप्रसाद भादू, जिला परिषद प्रतिनिधि चैथाराम कोली, जिला परिषद सदस्य जयंती पुरोहित, महेन्द्र चौधरी, भोमाराम खत्री समेत अन्य मौजूद रहे।
अब महापंचायत पर रहगी नजर
पूर्व विधायक जीवाराम चौधरी व पूर्व प्रत्याशी दानाराम चौधरी की ओर से बुलाई गई महापंचायत पर भाजपा व कांग्रेस दोनों दलों की नजरें रहेगी। महापंचायत के दौरान ही जीवाराम चौधरी के चुनावी ताल ठोकने की चर्चाएं भी है।
इनका कहना
पूर्व विधायक को मनाने के लिए पार्टी के प्रभारी सहित वरिष्ठ नेता उनके आवास पर गए थे, लेकिन वे बाहर थे। टिकट को लेकर उनकी नाराजगी है, उसे दूर कर लिया जाएगा। ये पार्टी का अंदरूनी मामला है। उनके द्वारा कल कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाने की जानकारी मिली है।
श्रवणसिंह राव, जिलाध्यक्ष, भाजपा
Published on:
30 Oct 2023 03:08 pm
बड़ी खबरें
View Allजालोर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
