
मरीज की बैक हिस्ट्री बता रही अहमदाबाद या जोधपुर से आया स्वाइन फ्लू का वायरस
जालोर. जिले में स्वाइन फ्लू का मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कम्प मच गया है।हालांकि मरीज गुजरात में उपचार ले रहा है, लेकिन स्वास्थ्य महकमा भी सतर्कता बरत रहा है। अधिकारी बताते हैं कि स्थिति नियंत्रण में है तथा संक्रमित मरीज की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। वैसे पूरी तरह से पुष्टि तो नहीं हो पाई, लेकिन अनुमानित तौर पर स्वाइन फ्लू का यह वायरस अहमदाबाद या जोधपुर से आया माना जा रहा है। संक्रमित व्यक्ति कुछ दिन अहमदाबाद रहकर आया था। इनका पुत्र भी कुछ दिन जोधपुर रहा था। गांव आने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई। उपचार के बाद पुत्र की हालत में सुधार हो गया, लेकिन पिता की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इस पर अहमदाबाद ले जाया, जहां जांच में स्वाइन फ्लू के संक्रमण की पुष्टि हुई। उधर, स्वास्थ्य महकमे ने एहतियात के तौर पर गांव में मेडिकल टीम भेज कर सर्वे एवं उपचार शुरू करवाया।
कमजोर इम्यूनिटी पॉवर से संक्रमण
बताया जा रहा है कि धनेरिया गांव निवासी यह व्यक्ति कुछ दिन पहले अपने रिश्तेदार का उपचार करवाने अहमदाबाद गया था।वहां कुछदिन रहने के बाद वापस आया। इसका पुत्र भी जोधपुर में रहकर आया है।इसके बाद ही इनकी तबीयत बिगड़ी।चिकित्सक बताते हैं कि इम्यूनिटी पॉवर कमजोर होने से व्यक्ति वायरस की चपेट में आ सकता है। इस मामले में भी शायद ऐसा ही हुआ।
ध्वेचा गांव में भी करवाया सर्वे
बागोड़ा के समीप नवापुरा ध्वेचा गांव के एक व्यक्ति में स्वाइन फ्लू के संक्रमण का मामला भी सामने आया, लेकिन स्वास्थ्य महकमे ने अहमदाबाद से जांच रिपोर्ट मंगवा कर स्थिति जांची। इसमें स्वाइन फ्लू का संक्रमण सामने नहीं आया।जिला अधिकारी बताते हैं कि एहतियात के तौर पर इस गांव भी सर्वे करवाया गया है।
सर्वे करवाया है...
धनेरिया गांव निवासी मरीज अहमदाबाद में उपचाररत है तथा स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। मरीज की बैक हिस्ट्री के आधार पर माना जा रहा है कि यह वायरस अहमदाबाद या जोधपुर से आया है।एहतियात के तौर पर सर्वे टीम लगाई गई है। अन्य किसी मरीज में संक्रमण नहीं मिला।
-डॉ. बीएल बिश्नोई,सीएमएचओ, जालोर
Updated on:
05 Nov 2018 12:27 pm
Published on:
05 Nov 2018 12:27 pm
