जोधपुर. दक्षिणी-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचारी तंत्र और एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से रविवार को जोधपुर सहित मारवाड़ के कई हिस्सों में तूफानी मौसम रहा। शहर में दोपहर बाद 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। बादल उड़ते हुए नजर आ रहे थे। हवा की रफ्तार में कई जगह पेड़ उखड़ गए। टीन-शेड, हॉर्डिंग गिर गए। तेज हवाओं के साथ आई झमाझम बारिश से मानसून जैसा मौसम हो गया। दिन में ही वाहन चालकों को हैडलाइटें लगानी पड़ी। बरसात से शहर में कई जगह पानी की चादर चलने लगी। कुछ जगह पानी भरने से वाहन चालक अटक गए। देर शाम तक रुक-रुक कर बरसात होती रही। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी अंधड़ के बाद मूसलाधार बारिश हुई। कई जगह ओले गिरे।
सूर्यनगरी में रविवार को न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री और अधिकतम 36.8 डिग्री रहा। दिनभर भयंकर उमस के बाद अपराह्न चार बजे मौसम पलटा। अचानक से तेज हवाएं शुरू हो गई। गृहणियों, वाहन चालकों, राहगीरों, दुकानदारों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे हवा की स्पीड में घरों में खुले में रखा सामान इधर-उधर हो गया। छतों पर रखा सामान उड़ गया। दुकानों के बाहर पट्टिकाएं, हॉर्डिंग्स गिर गए। दुपहिया वाहन चालक डगमगाने लग गए। आसमां में कचरा व धूल उड़ने लगी। आधे घंटे तक तूफानी हवाओं का मौसम रहा। अपराह्न साढ़े चार बजे के बाद बौछारें शुरू हुई जो कुछ ही देर में तेज बारिश में बदल गई। शाम 5.30 बजे तक मौसम विभाग ने 10.4 मिमी बारिश मापी। देर शाम तक मेघ बरसते रहे।