
बुरहान वानी के साथ के कमांडर समेत 2 आतंकी ढेर, इधर सेना ने किया पाकिस्तान की बंदूकों का मुंह बंद
जम्मू: जम्मू—कश्मीर को दहलाने की फिराक में बैठे आतंकी इन दिनों वारदात को अंजाम देने की कोशिश करते है। भारतीय सुरक्षा बलों की सतर्कता के चलते उनके मंसूबे कामयाब नहीं हो पाते है। आतंक विरोधी कार्रवाई करते हुए सुरक्षाबलों ने रविवार देर शाम दो आतंकियों को ढेर कर दिया। इसी के साथ हमारे जवान पाकिस्तान को भी कोई भी गुस्ताखी करने पर मुंहतोड़ जवाब दे रहे है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को सीआरपीएफ, पुलिस और सेना के जवानों ने अवंतिपोरा के संबोरा (Samboora) में आतंकियों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया। इसी बीच आतंकियों ने जवानों को देखकर उन पर गोलीबारी करते हुए ग्रेनेड से हमला कर दिया। इस पर जवानों ने मोर्चा संभाला। जवानों ने गोलियों का जवाब दिया। इसमें दो आतंकी मारे गए।
इस बारे में जानकारी देते हुए जम्मू—कश्मीर पुलिस के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि मारे गए आतंकियों में से एक लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर था। यह आतंकी बुरहान वानी के समय सक्रिय हुआ था। उन्होंने यह भी कहा कि जिन परिवारों के युवाओं को यह लोग भटकाकर गलत रास्ते पर ले गए थे यह जानकर उनका ढाढ़स बंधेगा कि अब यह आतंकी मारे जा चुके हैं।
इधर पाकिस्तानी सेना ने नापाक हरकत करते हुए राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में युद्धविराम का उल्लंघन किया। पाकिस्तान की ओर से मोर्टार दागे गए। भारतीय सेना के जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। खबर लिखे जाने तक दोनों ओर से गोलीबारी जारी रही।
Published on:
28 Sept 2020 07:09 pm
बड़ी खबरें
View Allजम्मू
जम्मू और कश्मीर
ट्रेंडिंग
