
जम्मू में फिर सड़क हादसा, 3 की मौत, 4 घायल
जम्मू , ( योगेश कुमार )। देश के पहाड़ी इलाकों में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। खासतौर से जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में। मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में फिर से एक सड़क हादसा हो गया। जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग ( Jammu Pathankot National Highway ) पर स्थित घगवाल इलाके में सड़क हादसे के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग वैन में सवार होकर सांबा से घगवाल की ओर जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार जब ये लोग सांदी बड़ी क्षेत्र में पहुंचे, तो अंधेरा होने के कारण उन्हें सड़क पर खड़ी सेना की क्रेन नहीं दिखी और वैन तेज गति से पीछे से क्रेन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन में बैठे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य चार लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से वैन में सवार सभी लोगों को घगवाल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में मारे गए तीन लोगों की पहचान सुनीता रानी पत्नी अश्वनी कुमार निवासी चक्क दुलमा, गोपी कृष्ण पुत्र सोम दत्त निवासी बड़याल, हर्षवर्धन पुत्र बिशनदास निवासी बड़याल के रूप में हुई है।
वहीं घायलों की पहचान रेणु शर्मा पत्नी आशा राम निवासी बड़याल, शम्मी पुत्र देवराज निवासी नदाला, आशा राम पुत्र सोम दत्त निवासी बड़याल, तक्ष पुत्र अश्विनी कुमार निवासी बड़याल जिला सांबा के रूप में हुई है। इन घायलों का इलाज घगवाल अस्पताल में चल रहा है। इनकी हालत बेहतर बताई जा रही है। गौरतलब है कि बीते कल किश्तवार इलाके में सड़क दुर्घटना में 35 लोगो की मौत हो गई थी और 16 घायल हो गए थे।
Published on:
02 Jul 2019 08:30 pm
