
11वीं के छात्र ने कुदरी बैराज में लगाई छलांग (Photo Patrika)
Janjgir News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में कुदरी बैराज में 11वीं कक्षा के एक छात्र ने छलांग लगा दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और छात्र की तलाश शुरू कर दी गई, जिसके बाद छात्र शिवम साहू का शव 38 घंटे बाद आज गुरुवार सुबह बरामद कर लिया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर से पहुंची एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाते हुए बैराज से करीब 200 मीटर नीचे युवक के शव को खोज निकाला। शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। चांपा नगर निवासी शिवम साहू मंगलवार शाम करीब 4 बजे कुदरी बैराज पहुंचा था। इसके बाद युवक ने अचानक बैराज में छलांग लगा दी।
घटना की सूचना तत्काल बैराज के गार्ड, ग्राम सरपंच आर.के. बबली यादव, स्थानीय गोताखोरों और पुलिस प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन देर रात तक कोई सफलता नहीं मिल सकी। स्थानीय गोताखोरों और नगर सैनिकों की टीम ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। बैराज में अधिक पानी और भारी मात्रा में फैली जलकुंभी के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी परेशानी आई। छात्र की तलाश के लिए बोरवेल कैमरे का भी इस्तेमाल किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
बताया जा रहा है कि शिवम साहू 11वीं कक्षा का छात्र था और परीक्षा परिणाम खराब आने के कारण मानसिक तनाव में था। घटना से पहले उसने अपने एक दोस्त को फोन कर बैराज में कूदने की बात भी कही थी। मंगलवार शाम से उसके घर नहीं लौटने पर परिजन भी लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को बिलासपुर से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। गुरुवार सुबह एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने दोबारा संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
कई घंटों की मशक्कत के बाद बैराज से लगभग 200 मीटर नीचे शिवम साहू का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए बीडीएम हॉस्पिटल चांपा भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Updated on:
07 May 2026 02:37 pm
Published on:
07 May 2026 02:37 pm
