5 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Chhattisgarh Road Accident: नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा! कार-मेटाडोर की टक्कर में युवक की मौत

Chhattisgarh Road Accident: जांजगीर-चांपा जिले में नेशनल हाईवे पर कार और मेटाडोर की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

2 min read
Google source verification
कार और मेटाडोर के बीच भिड़ंत (photo source- Patrika)

कार और मेटाडोर के बीच भिड़ंत (photo source- Patrika)

Chhattisgarh Road Accident: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से लौट रहे युवकों के सफर को मातम में बदल दिया। नेशनल हाईवे पर तिलई रोड स्थित चिंटू ढाबा के पास तेज रफ्तार कार और मेटाडोर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

Chhattisgarh Road Accident: लौटते वक्त हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक की पहचान नागपुर निवासी गोपाल ठाकुर के रूप में हुई है। गोपाल अपने साथियों के साथ केटरिंग के काम से ओडिशा के संबलपुर गए थे। काम खत्म करने के बाद सभी लोग मारुति स्विफ्ट डिजायर कार से रायगढ़ होते हुए रायपुर लौट रहे थे। सफर सामान्य ही चल रहा था, लेकिन जैसे ही उनकी गाड़ी तिलई रोड के पास पहुंची, सामने से आ रहे मेटाडोर से सीधी टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी तेज, बचने का मौका नहीं

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में पीछे बैठे गोपाल ठाकुर को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं कार में सवार अन्य तीन लोग—महेश तातेवत, धर्मेंद्र कुर्मी और प्रवीण साखरे—गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।

घायलों का इलाज जारी

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उन्हें गहरी चोटें आई हैं। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

परिजनों को दी गई सूचना

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस घटना से मृतक के परिवार में शोक की लहर है, वहीं घायल युवकों के परिजन भी अस्पताल में चिंतित नजर आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Chhattisgarh Road Accident: एक पल में बदल गई जिंदगी

यह हादसा एक बार फिर यह याद दिलाता है कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही कितनी बड़ी त्रासदी बन सकती है। जो युवक काम खत्म कर अपने घर लौट रहे थे, उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं था कि उनका यह सफर आखिरी साबित होगा। अब पूरा मामला पुलिस जांच के दायरे में है और सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि हादसे के पीछे असल वजह क्या थी।