
चोरी (photo-patrika )
CG Theft Case: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के बहेराडीह गांव में बीती रात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए घर से लाखों रुपए के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। गजराज सिंह चंद्रा के घर को निशाना बनाकर अज्ञात बदमाशों ने करीब 20 लाख रुपए की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात के समय घर में घुसकर सुनियोजित तरीके से चोरी को अंजाम दिया। सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी से जेवरात व नगदी गायब थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
चोरों ने घर से करीब 15 तोला सोना, 85 तोला चांदी के जेवरात और लगभग 60 हजार रुपए नगद चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी जा रही है। इतनी बड़ी चोरी की घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया है।
सूचना मिलते ही जैजैपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस टीम गांव और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय हो गई है। संभावित आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है।
साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि सुराग मिल सके। लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में डर का माहौल है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा। साथ ही चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए भी प्रयास जारी हैं।
Published on:
10 Apr 2026 03:29 pm
बड़ी खबरें
View Allजांजगीर चंपा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
