
दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आए युवक की नदी में डूबने से हुई मौत, गोताखोरों ने निकाला शव
जांजगीर-चांपा.चांपा के आधा दर्जन युवक रविवार को बलौदा क्षेत्र के देवरी के नदी में पिकनिक मनाने गए थे, जिसमें चांपा निवासी अमलाल पिता प्रदीप नायक (16) नदी में डूब गया था। रविवार को उसकी तलाश में पुलिस ने लगातार छह घंटे तक पसीना बहाई थी, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। पुलिस ने सोमवार को बिलासपुर के गोताखोरों को बुलाकर शव को निकालने में सफलता पा ली है। सुबह से लगातार एक घंटे की मशक्कत के बाद शव को गहरे पानी से निकाला गया। शव का पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
देवरी में उस वक्त लोगों के बीच सनसनी फैल गई थी जब चांपा के कुछ युवक पिकनिक मनाने आए थे, जिसमें एक किशोर गहरे पानी में डूब गया। उसकी तलाश करने के लिए पुलिस ने लगातार छह घंटे मेहनत की लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। पुलिस ने आशंका व्यक्त की थी कि युवक डूब गया होगा।
बलौदा थाना प्रभारी देवांस सिंह राठौर ने बताया कि चांपा निवासी अमलाल नायक अपने साथियों के साथ सोमवार को पिकनिक मनाने बलौदा क्षेत्र के देवरी गांव में नदी किनारे आए थे। उनके पांच अन्य साथी पिकनिक मनाने से पहले नदी में तैर रहे थे। उसके साथी तो गहरे पानी से निकल गए, लेकिन अमलाल नायक गहरे पानी में चला गया। वह गहरे पानी से निकल नहीं सका। उसके साथियों ने गांव के गोताखोरों को बुलाया।
इसके अलावा मामले की सूचना पुलिस को दी। बलौदा थाना प्रभारी राठौर मौके पर पुलिस व नगर सैनिक गोताखोरों व गांव के मछुवारों को बुलाकर नदी में किशोर को ढूंढने दिन भर प्रयास किए, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा।
थाना प्रभारी राठौर सोमवार को बिलासपुर के एक्सपर्ट को बुलाया। सोमवार की सुबह बिलासपुर के एक्सपर्ट नदी के गहरे पानी में शव की तलाश की। काफी जद्दोजहद के बाद शव को आखिरकार ढूंढ निकाला। परिजनों के बीच शव का पंचनामा कराया गया और पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों को सौंप दिया है। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई थी। चांपा के किशोर के नदी में डूबने की खबर लगते ही शोक की लहर फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Updated on:
2 Jul 2018, 1:38 PM IST
Published on:
2 Jul 2018, 1:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.