12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पत्नी के चेंबर में जुआ खेलते कैमरे में कैद हुए जिपं अध्यक्ष पति, बोले- जो करना है कर लो

Gambling: पत्नी सामान्य सभा की बैठक में थीं शामिल, इधर जिला पंचायत अध्यक्ष (Jila Panchayat president) की कुर्सी के ऊपर लगे 'गढ़बो नवा छत्तीसगढ़' के बैनर के नीचे लग रहा था दांव, कई जिला पंचायत सदस्य के पति भी थे जुआरियों की महफिल (Gambling) में थे शामिल

2 min read
Google source verification
Gambling

Gambling in Jila panchayat president chamber

जांजगीर-चांपा. Gambling: इसे सत्ता का खुमार कहें या दबंगई! जिला पंचायत अध्यक्ष पति (Jila Panchayat president husband) अपनी पत्नी के चेंबर में ही खुलेआम जुआरियों की महफिल सजा ली। मीडियाकर्मियों को जब इस बात की भनक लगी तो उनके चेंबर में जाकर वीडियो बनाने लगे। इसके बाद भी उन्हें इस बात का डर नहीं था कि जब वे मीडिया में आएंगे तो उनकी किरकिरी होगी। इतना ही नहीं सत्ता का रौब दिखाते हुए यह भी कहते नजर आए कि जो करना है कर लो। हम मनोरंजन कर रहे हैं। जुआ खेलने के दौरान उन्होंने इसका भी खयाल नहीं रखा कि पत्नी की कुर्सी के ऊपर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के 'गढ़बो नवा छत्तीसगढ़' का बड़ा स्लोगन लिखा है।


मामला बुधवार की दोपहर 2.20 बजे का है। जब जिला पंचायत के सभा कक्ष में सीईओ गजेंद्र सिंह ठाकुर सामान्य सभा की बैठक ले रहे थे। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष यनीता देवी चंद्रा सहित जिले भर के जिला पंचायत सदस्य व अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। पत्नियों के बैठक में शामिल होने के बाद पतियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष के चेंबर में बैठकर अध्यक्ष पति यशवंत चंद्रा के साथ जुआरियों की महफिल सजा ली।

उनके साथ बनाहिल अकलतरा क्षेत्र के जिपं सदस्य सुष्मिता सिंह के पति सुमित प्रताप सिंह सहित अन्य कई लोग ताश के पत्ते के साथ हजारों रुपए के दांव लगा रहे थे। उनके हाथों में बकायादा पैसे भी थे। पैसों को गिनकर पीए के कुर्सी में रखे हुए थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने मामले की सूचना मीडियाकर्मियों को दी।

जब मीडियाकर्मी उनके चेंबर में घुसे तो उन्हें चेहरे में तनिक भी सिकन नहीं थी, बल्कि लगातार ताश खेल ही रहे थे। आपको बता दें कि जिला पंचायत अध्यक्ष विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत के बेहद करीबी माने जाते हैं। सरपंच से जनपद अध्यक्ष फिर जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने में उनकी भूमिका भी काफी रही।

IMAGE CREDIT: Gambling in Jila panchayat president chamber

कहा- जो करना है कर लो...
इस संबंध में अध्यक्ष पति यशवंत चंद्रा से बात करना चाहा तो उन्होंने साफ कहा कि मनोरंजन के लिए टाइम पास कर रहे हैं। वहीं भाजयुमो नेता सुमित प्रताप सिंह का कहना था कि जो करना है कर लो, हमें किसी का डर नहीं है। इनके जवाब सुनकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि जनता की सेवा के नाम कुर्सी हथियाने के बाद किस तरह के करतूत कर रहे है।

यह भी पढ़ें: दुकान के पीछे और पहाड़ के नीचे चल रहा था जुए का फड़, 1.62 लाख के साथ 9 जुआरी गिरफ्तार, कई फरार


मनोरंजन के लिए ताश खेल रहे होंगे
मेरे पति मेरे चेंबर में मनोरंजन के लिए ताश खेल रहे होंगे। इसे जुआ नहीं कह सकते। इस संबंध में मैं कुछ नहीं बोल सकती।
- यनिता यशवंत चंद्रा, अध्यक्ष जिपं, जांजगीर-चांपा


इसका जवाब अध्यक्ष ही दे सकती हैं
इस संबंध में मुझे जानकारी नहीं है। चूंकि में बैठक में था। इसका जवाब अध्यक्ष ही दे सकतीं हैं।
-गजेंद्र सिंह ठाकुर, सीईओ जिपं


जांच के बाद करेंगे विधिसंगत कार्रवाई
मामले की सूचना मिली है। इसकी जांच कराई जाएगी। जिला पंचायत के कर्मचारियों का बयान लिया जाएगा। इसके बाद विधि संगत कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. अभिषेक पल्लव, एसपी जांजगीर