
तेज रफ्तार माजदा ने सात साल की बच्ची को रौंदा, गुस्साए भीड़ ने किया बिलासपुर-शिवरीनारायण मार्ग जाम
जांजगीर-चांपा. शिवरीनारायण थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम लोहर्सी में तेज रफ्तार माजदा ने सात साल की बच्ची को ओवर टेक करने के चक्कर मे रौद दिया, जिससे बच्ची की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बच्ची के मौत को लेकर लोगों ने शव को सड़क पर रख कर बिलासपुर शिवरीनारायण मुख्य मार्ग को एक घंटे तक जाम कर दिया।
लोगो की मांग थी कि वाहन चालक को तत्काल पकड़ कर मृतका के परिजनों को मिलने वाली मुआवजा राशि दिया जाए। मुख्य मार्ग में हुए दुर्घटना की जानकारी तहसीलदार पामगढ़ को दी गई। तहसीलदार पामगढ़ के द्वारा 25 हजार का मुआवजा मिलने के बाद भीड़ ने सड़क पर का जाम हटाया। घटना सुबह 10.30 की है। जब लोहर्सि में संचालित सरस्वती शिशु मंदिर के कक्षा उदय में पढऩे वाली सुमन धीवर पिता सुखीराम धीवर उम्र 7 वर्ष तालाब से नहा कर अपने घर की ओर जा रही थी।
इसी दौरान बिलासपुर से शिवरीनारायण की ओर जा रही तेज रफ्तार मासदा क्रमांक सीजी10 एएच 8612 ने ओवरटेक करने की जल्दी में बच्ची को रौंद दिया। वाहन के चपेट में आने से लड़की का सिर पूरी तरह कुचला गया जिसके कारण मौके पर ही बच्ची की मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद वाहन चालक द्वारा भागने की कोशिश की गई, जिसे केरा चौक के पास शिवरीनारायण पुलिस ने पकड़ कर थाने में खड़ा कर दिया और वाहन चालक को हिरासत में ले लिया है।
घटना की जानकारी पाकर शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देती रही लेकिन बच्ची के परिजन एवं ग्रामीण वाहन चालक की गिरफ्तारी एवं मुआवजा की मांग करते रहे। शिवरीनारायण बिलासपुर मुख्य मार्ग में एक घण्टे का जाम लगने से सड़क की दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। शिवरीनारायण पुलिस वाहन चालक के ऊपर 304 ए धारा के तहत कार्यवाही कर रही है। बच्ची के शव को ट्रैकर में डालकर शिवरीनारायण के मचुरी में पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। पोस्टमार्टम होने के बाद शव को परिजनों को सौप कर पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है।
Published on:
15 Jul 2018, 4:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.