
ज्वेलरी दुकान के शटर का ताला तोड़ छह लाख के जवाहरात की चोरी
जांजगीर-चांपा. शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के महामाया ज्वेलर्स से रविवार-सोमवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवर समेत तकरीबन छह लाख रुपए का माल पार कर दिया।
बताया जा रहा है कि रात तकरीबन ढाई बजे दो युवक बाइक से आए और वारदात को अंजाम दिया है। सोमवार की सुबह तब ज्वेलरी दुकान का संचालक संजय सोनी दुकान खोलने गया तब दुकान का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। जिसे देख उसके होश उड़ गए। मामले की रिपोर्ट उसने थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है।
शिवरीनारायण पुलिस के अनुसार राहौद के मुख्य मार्ग पर संजय सोनी की महामाया ज्वेलर्स नाम से ज्वेलरी दुकान है। रविवार की रात को दुकान का संचालक संजय सोनी दुकान बढ़ाकर घर चला गया। सुबह जब वह दुकान खोलने आया तो देखा कि उसकी दुकान का शटर टूटा हुआ है। किसी अज्ञात चोरों ने शटर के लोहे की पट्टी को तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। संजय सोनी ने बताया कि उसकी दुकान से सोने-चांदी के जेवर मिलाकर तकरीबन 6 लाख रुपए की चोरी हुई है। सबसे अधिक चांदी के जेवर थे।
घटना की सूचना उसने पुलिस को दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और डाग स्क्वायड की मदद से जांच करने जुट गई। सबसे पहले सीसी टीवी फुटेज खंगाले गए। इसमें बाइक में सवार दो युवकों ने वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 457, 380 के तहत जुर्म दर्ज कर जांच कर रही है।
Published on:
17 Mar 2020 11:09 am
बड़ी खबरें
View Allजांजगीर चंपा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
