
खेत देखने गए ग्रामीण की बिजली तार की चपेट में आने से मौत
जांजगीर-चांपा. जिले के मालखरौदा विकासखंड के ग्राम आडिल में बीती रात खेत देखने गए एक युवक की जमीन से 4.5 फीट उपर तक लटक रहे 11 केवी की तरंगित बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई। मामले में मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मालखरौदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम आडिल निवासी खगेश्वरप्रसाद 28 पिता कौशलप्रसाद गबेल गुरुवार की रात 7.30 बजे ग्राम स्थित अपने खेत की ओर गया था। परिजनों ने बताया कि वह हमेशा खेत पर जाकर निगरानी करते रहता था। गुरुवार रात में खेत पहुंचा खगेश्वर वहां से गुजर रहे 11 केवी की तरंगित बिजली की तार की चपेट में आ गया।
ग्रामीणों ने बताया कि खेत के पास 11 केवी का तार बहुत नीचे से गुजरा है। उसकी ऊंचाई करीब 5 फीट बताई जा रही है। रात के अंधेरे में खगेश्वर बिजली की तार को देख नहीं पाया, जिससे वह चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं परिजन देर रात तक खगेश्वर के खेत से लौटने का इंतजार करते रहे, लेकिन उसके नहीं लौटने पर उसे खोजने निकले, जो मृत हालत में खेत में पड़ा था।
मृतक के बड़े भाई प्रहलाद गबेल के अनुसार खेत से गुजरे 11 केवी तार के बहुत नीचे होने की जानकारी विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन इसे सुधारने कोई प्रयास नहीं किया गया है। साथ ही विभागीय अधिकारी व ठेकेदार की लापरवाही बताते हुए कहा कि काम पूरा करने की जल्दबाजी में ठेकेदार ने भी सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं रखा और अधिकारी भी काम पूरा मानकर निश्चिंत हो गए, जिस लापरवाही के कारण उसका भाई हादसे का शिकार हो अपनी जान गंवा बैठा।
लगातार जा रही जान
बिजली विभाग की लापरवाही के चलते आमजन के साथ मवेशी भी अनचाहे काल की गाल में समा रहे हैं। बिजली के खंभो व एक्सटेंशन तार में करंट आने से कई मवेशियों की मौत हो चुकी है।
-मामले की पूरी जानकारी ली जा रही है। विभागीय अधिकारी या ठेकेदार की लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी- एके अंबष्ट, अधीक्षण अभियंता जांजगीर
Published on:
24 Aug 2018 04:03 pm
बड़ी खबरें
View Allजांजगीर चंपा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
