
आम की ट्रे के नीचे छिपा 1.13 करोड़ का गांजा (Photo Patrika)
Crime News: जशपुरनगर में नशे के सौदागरों के खिलाफ जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। कांसाबेल थाना क्षेत्र की दोकड़ा चौकी पुलिस ने ओडिशा से उत्तर प्रदेश भेजी जा रही गांजे की एक बड़ी खेप पकड़ी है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 207 किलो अवैध गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मोबाइल और पिकअप वैन समेत 1,13,60,550 रुपए की सामाग्री जब्त की है।
12 मई को पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि सुंदरगढ़ (ओडिशा) के रास्ते एक सफेद पिकअप वाहन में कच्चे आमों की आड़ में गांजे की तस्करी की जा रही है। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह के निर्देश पर तत्काल नाकाबंदी की गई। ग्राम देवरी के पास जब संदिग्ध वाहन को रोकने का इशारा किया गया, तो चालक ने रुकने के बजाय वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस ने आरोपी प्रेमनाथ सिंह (36), निवासी बगीचा (जशपुर) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इस तस्करी के पीछे ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक फैले सिंडिकेट में और कौन-कौन शामिल है।
आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए कांसाबेल से पुसरा रोड की ओर भागने लगा। पुलिस की टीम ने हार नहीं मानी और फिल्मी अंदाज में तस्कर का पीछा करना शुरू किया। आखिरकार, बहाल जोर के पास घेराबंदी कर वाहन को सफलतापूर्वक रोक लिया गया।
जब पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली, तो ऊपर से प्लास्टिक के कैरेट में कच्चे आम भरे हुए थे। लेकिन जैसे ही आमों की ट्रे हटाई गई, पुलिस के होश उड़ गए। नीचे खाकी टेप से पैक किए हुए 207 पैकेट गांजा करीने से छिपाए गए थे।
जशपुर पुलिस के ऑपरेशन आघात के तहत जनवरी 2026 से अब तक नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार बड़ी कार्रवाई जारी है। पुलिस ने अब तक 03 करोड़ 24 लाख 55 हजार 550 रुपए कीमत के नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। इनमें 08 मामलों में 744 किलो 227 ग्राम गांजा, 03 मामलों में 1840 नग प्रतिबंधित कफ सिरप, एक मामले में 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर तथा गांजा पौधा उगाने के मामले में 90 नग गांजा पौधे जब्त किए गए हैं।
इन मामलों में अब तक 27 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त 54 लाख रुपए से अधिक कीमत के वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनमें 08 कार, 01 पिकअप और 01 मोटरसाइकिल शामिल हैं।
Updated on:
14 May 2026 09:31 am
Published on:
14 May 2026 09:30 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
