
युवक ने बहला-फुसलाकर किया अपहरण फिर रेप! परीक्षा के लिए घर से निकली थी छात्रा... आरोपी गिरफ्तार(photo-patrika)
CG Rape Case: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 10वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा परीक्षा देने के लिए घर से निकली, लेकिन स्कूल नहीं पहुंची। घटना थाना पत्थलगांव के चौकी कोल्हेनझरिया क्षेत्र की है। 24 फरवरी की सुबह छात्रा अपनी सहेलियों के साथ परीक्षा देने निकली थी, लेकिन रास्ते में उनसे अलग होकर कहीं और चली गई।
सुबह करीब 9 बजे स्कूल के शिक्षक का फोन परिजनों को आया, जिसमें बताया गया कि उनकी बेटी परीक्षा में शामिल नहीं हुई है। यह जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तुरंत छात्रा की तलाश शुरू की और उसकी सहेलियों से पूछताछ की। सहेलियों ने बताया कि रास्ते में छात्रा ने कहा था कि वे लोग स्कूल पहुंचें, वह थोड़ी देर में आती है, लेकिन वह वहां नहीं पहुंची।
परिजनों ने तत्काल चौकी कोल्हेनझरिया में छात्रा की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और छात्रा की तलाश के लिए टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि एक युवक छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की लोकेशन का पता लगाया।
पुलिस को पता चला कि छात्रा को ओडिशा के एक गांव में रखा गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी इष्टा राणा को हिरासत में लिया और छात्रा को सकुशल बरामद कर जशपुर लाया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने छात्रा का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया गया, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस के प्रयासों पर संतोष जताया। हालांकि, घटना के सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
ऐसी घटनाओं ने छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे अभिभावकों और आम लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Published on:
04 Apr 2026 02:27 pm
बड़ी खबरें
View Allजशपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
