
बिना हेलमेट दोपहिया चालकों को ढूंढ रहे यमराज!
झाबुआ. सडक़ सुरक्षा सप्ताह पर पुलिस विभाग ने एक अनूठा प्रयोग किया है। इसके तहत एसपी विनीत जैन ने विभाग के ही कुछ जवानों के माध्यम से सडक़ सुरक्षा पर एक नुक्कड़ नाटक तैयार करवाया। इसमें हेलमेट की उपयोगिता बताते यमराज व चित्रगुप्त के रोचक संवाद दिखाएं गए हैं।
इस नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन जिले के सभी बड़े कस्बों, हाटबाजारों व स्कूलों में किया जाएगा। ताकि लोग और युवा सडक़ सुरक्षा को लेकर जागरूक हो सकें। साथ ही एक यातायात जागरूकता रथ बनाकर उस पर चेतावनी लिखी गई है कि-सावधान! बिना हेलमेट पहने दुपहिया वाहन चलाने वाले को ढूंढ रहे हैं यमराज। इसके पीछे एक ही संदेश छुपा है कि आप सडक़ हादसों का शिकार न हो और आपका जीवन सुरक्षित रहे। दरअसल जिले में लगातार बढ़ते जा रहे सडक़ दुर्घटनाओं के आंकड़ों की स्थिति चिंताजनक थी। बीते पांच सालों में ही 4 हजार 420 सडक़ दुर्घटनाएं हुई। इनमें 609 लोगों की मौत हुई और 4 हजार 797 व्यक्ति घायल हुए। यातायात सप्ताह के दौरान यातायात विभाग द्वारा जनजागरूकता अभियान चलाया जाता है, लेकिन बाद के दिनों में स्थिति जस की तस रहती है। ऐसे में एसपी विनीत जैन ने नया प्रयोग करने की ठानी। इसके लिए उन्होंने विभाग के ही पांच जवानों को सडक़ सुरक्षा पर केंद्रीत नुक्कड़ नाटक तैयार करवाया। इसका मंचन अलग-अलग स्थानों पर पूरे सप्ताह किया जाएगा।
मनोरजंन के साथ छुपा है बड़ा संदेश- सडक़ सुरक्षा पर केंद्रित नुक्कड़ नाटक में मनोरंजन के साथ ही एक बड़ा संदेश छुपा है। इस नुक्कड़ नाटक में जवान गरासिंह सस्तिया यमराज बना है तो अंतिम चित्रगुप्त का किरदार निभा रहा है। वहीं जवान दीपक व ऐलामसिंह यमराज के दूत बने हैं। नाटक में दो बाइक सवार बताए हैं। इसमें से एक हेलमेट पहने रहता है तो दूसरा बिना हेलमेट के। जब दोनों की टक्कर होती है तो यमराज दूत को उनकी आत्मा लेने भेजते हैं। तब चित्रगुप्त अपना बहीखाता देखकर बताते हैं कि जिस युवक ने हेलमेट पहन रखा है उसके जीवन का खाता अभी चालू है। जबकि बिना हेलमेट पहने युवक की जिंदगी का खाता बंद हो गया है। इसमें काफी रोचक तरीके से हेलमेट की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
गया है।
सबसे ज्यादा हादसे दोपहिया वाहन से, हेलमेट से बच सकती थी जान एसपी विनीत जैन ने बताया 14 जनवरी को मैंने जिले का प्रभार लिया था। इस दौरान महसूस किया कि यहां सबसे ज्यादा सडक़ दुर्घटनाएं दुपहिया वाहन से होती है। पिछले साल ही यहां 905 सडक़ दुर्घटनाएं हुई। जिनमें 942 लोग घायल हुए तो 147 लोगों की जान चली गई। इसी तरह जनवरी-19 में सिर्फ एक महीने में ही 8 9 दुर्घटनाओं में 103 लोग घायल हुए और 18 व्यक्तियों की मौत हो गई। इनमें से अधिकाशं दुर्घटनाएं दुपहिया वाहनों से हुई। यदि ये सभी लोग हेलमेट पहनकर वाहन चलाते तो शायद उनमें से अधिकांश लोगों की जान बच जाती।
&सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हम एक नया प्रयोग कर रहे हैं। निश्चित तौर पर इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। यातायात जागरूकता रथ जिले के सभी कस्बों, हाट बाजार और बड़े स्कूलों में जाएगा जहां 11वीं-12वीं के बच्चे पढ़ते हैं। सभी दूर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बाइक चलाते समय हेलमेट की उपयोगिता बताई जाएगी।- विनीत जैन, एसपी, झाबुआ
सांसद ने कहा-चौराहे पर होने वाली वसूली बंद कराएं एसपी साहब
सडक़ सुरक्षा सप्ताह के शुभारंभ कार्यक्रम में अतिथि थे सांसद कांतिलाल भूरिया
झाबुआ ञ्च पत्रिका. सडक़ सुुरक्षा सप्ताह के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आए सांसद कांतिलाल भूरिया ने मंच से नसीहत देते हुए कहा- चौराहे पर जो अवैध वसूली होती है उसे बंद करवाएं एसपी साहब। जब पुलिस नियम-कायदों का पालन करवाने के लिए सख्त होगी तभी सुधार होगा। टै्रफिक जवान भी अपने मतलब के लिए वाहन चालकों को रोकते हैं और बाकी को जाने देते हैं।
सांसद भूरिया ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से भी ट्र्रैफिक नियमों का पालन करने का आह्वान करते हुए कहा-समझाइश दे रहे हैं, लेकिन इसके बाद भी कोई हेलमेट नहीं पहनेगा तो यमराज भी क्या करेंगे। ये जीवन बहुत कीमती है। सांसद ने वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने वालों के मोबाइल जब्त करने और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की बात भी कही। पहले पुलिस का डर था जो खत्म हो गया। इसलिए नजर अंदाज करने की आदत को बदलना होगा। उन्होंने पुलिस के सडक़ सुरक्षा अभियान में राजनीति से ऊपर उठकर योगदान देने को कहा।
इस अवसर पर विधायक वालसिंह मेड़ा, नपाध्यक्ष मन्नू डोडियार, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति डामोर, जिला पंचायत सीईओ जमुना भिड़े, डॉ.विक्रांत भूरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल मेहता, समाजसेवी प्रकाश रांका, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे। आभार एएसपी प्रकाश परिहार ने माना।
Published on:
04 Feb 2019 11:06 pm
बड़ी खबरें
View Allझाबुआ
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
