
युवक की मौत के बाद थाने के सामने प्रदर्शन (फोटो-पत्रिका)
झालावाड़। जिले के डग थाना क्षेत्र के घाटाखेड़ी गांव में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की कार्रवाई के दौरान एक युवक की मौत के बाद शनिवार रात माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर हिरासत में मारपीट का आरोप लगाते हुए डग थाने के बाहर प्रदर्शन और घेराव किया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है।
जानकारी के अनुसार जयपुर से आई एएनटीएफ टीम को घाटाखेड़ी गांव निवासी आरिफ खान और उसके कुछ साथियों के मादक पदार्थ तस्करी में शामिल होने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर टीम शनिवार दोपहर गांव पहुंची और आरिफ सहित कुछ लोगों को पूछताछ के लिए डिटेन किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरिफ की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से उसे डग के उप जिला अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर आरिफ को रेफर कर दिया। इसके बाद पुलिस और परिजन उसे मध्य प्रदेश के आगर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही घाटाखेड़ी गांव में तनाव फैल गया और परिजनों में भारी आक्रोश देखा गया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि एएनटीएफ टीम ने आरिफ के साथ हिरासत में बुरी तरह मारपीट की, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। उनका कहना है कि शरीर पर चोटों के निशान थे और गंभीर मारपीट के कारण ही उसकी मौत हुई। घटना से नाराज ग्रामीण और परिवार के लोग देर रात शव को एम्बुलेंस में लेकर डग थाने पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का घेराव किया।
स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार स्वयं डग पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर घाटाखेड़ी गांव और डग कस्बे में भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया है।
एसपी अमित कुमार ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या मारपीट सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है और इलाके में शांति बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Published on:
09 May 2026 10:23 pm
बड़ी खबरें
View Allझालावाड़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
